महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जून। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज दोपहर साढ़े 12 बजे अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में महासमुंद जिले में 270 करोड़ के 258 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
श्री बघेल ने आज जिले में लगभग 221 करोड़ रुपए की लागत के 201 कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें 36 करोड़ 54 लाख रुपए की लागत से सराईपाली-उमरिया-भंवरपुर-बड़ेसाजापाली मार्ग में 17 किलोमीटर लंबी सडक़ का उन्नयन कार्य, 15 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से आंवराडबरी-कोमा-कोल्दा-खुसरूपाली मार्ग के 6 किलोमीटर का उन्नयन एवं नवीनीकरण कार्य, 11 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से 9 किलोमीटर सिरकों-नवागांव मार्ग का निर्माण कार्य, 7 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से पुल-पुलिया सहित बनने वाले 5.10 किलोमीटर लंबे बाघामुडा-बांसकाटा-देवरी मार्ग का निर्माण कार्य, 11 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत से चण्डीडोंगरी जलाशय नहर का रिमाडलिंग एवं लाईनिंग कार्य 8 करोड़ 64 लाख रुपए की लागत से कालीदरहा जलाशय का बांध एवं नहर का जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इसके अलावा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 22 करोड़ रुपए की लागत के 57 कार्य, क्रेडा के माध्यम से 25 गांवों में 2 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से सोलर ड्यूल पंप संयंत्र स्थापना के कार्य का भूमिपूजन किया।
श्री बघेल ने जिले में जिन 49 करोड़ 78 लाख की लागत के 57 कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें प्रमुख रूप से 8 करोड़ 78 लाख की लागत से पिथौरा में निर्मित 50 बिस्तरों का मातृ शिशु अस्पताल, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध महासमुंद चिकित्सालय में 2 करोड़ 28 लाख रुपए की लागत से स्थापित ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट, 69 लाख रुपए ग्राम गढ़सिवनी में निर्मित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा 4 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से बागबहरा तथा 4 करोड़ 64 लाख की लागत से विकासखण्ड मुख्यालय बसना में शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए बनाए गए आवास, 21 करोड़ 85 लाख की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अंतर्गत निर्मित 9 सडक़ें शामिल हैं।