महासमुन्द

अफसर के स्थगन के बाद भी डामर प्लांट की तैयारी
05-Jun-2021 7:38 PM
अफसर के स्थगन के बाद  भी डामर प्लांट की तैयारी

ग्रामीणों का विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 पिथौरा, 5 जून।
विकासखण्ड के ग्राम पंचायत उतेकेल में मुख्य मार्ग पर बगैर स्वीकृति के एक निजी कंपनी द्वारा लगाए जा रहे डामर प्लांट का ग्रामीणों ने विरोध किया है। 
ज्ञात हो कि इस सम्बंध में ग्रामीणों द्वारा कोटवारी जमीन पर बगैर अनुमति के ही डामर प्लांट प्रारम्भ करने की शिकायत पर स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी स्थगन भी दे चुके हंै, इसके बावजूद प्लांट चालू करने की तैयारी की जा चुकी है।

ग्राम उतेकेल के सरपंच ने बताया कि उनके ग्राम क्षेत्र में ही एक निजी कंपनी द्वारा डामर प्लांट की स्थापना की जा रही है। कोटवारी जमीन पर ठेकेदार द्वारा बगैर किसी की अनुमति के ही प्लांट लगा दिया। सरपंच सत्यानंद बांक ने बताया कि उनके पास प्लांट लगाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा गया था, परन्तु कार्यस्थल पर ग्रामीणों के खेत है, जो कि प्लांट स्थापना के बाद बंजर हो जाएंगे और उसके धुंए से निकलने वाली गैस से ग्राम सहित आसपास का वातावरण प्रदूषित हो जाएगा। लिहाजा इस स्थान पर पंचायत द्वारा ठेकेदार को अनापत्ति देने से इनकार कर दिया गया है।

अब चालू करने की तैयारी चरम पर
अनुविभागीय अधिकारी के स्थगन एवं पंचायत प्रतिनिधियों के विरोध के बावजूद अब उक्त डामर प्लांट शीघ्र ही प्रारम्भ होने की कगार पर है। यदि ऐसे तनाव के माहौल में प्लांट चालू किया गया, तब ग्रामीणों एवं ठेकेदार के बीच संघर्ष से इंकार नहीं किया जा सकता
 


अन्य पोस्ट