महासमुन्द

ओडिशा से लौटे मजदूरों की कोरोना जांच, 32 में से 24 पॉजिटिव
04-Jun-2021 5:55 PM
ओडिशा से लौटे मजदूरों की कोरोना जांच, 32 में से 24 पॉजिटिव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 4 जून।
अन्य प्रांतों से ईंट भ_े में काम कर कोविड टेस्ट के बगैर ही सीधे अपने घर लौटने की खबर ‘छत्तीसगढ़’ में प्रकाशन के बाद हरकत में आये प्रशासन ने समीप के ग्राम गोपालपुर लौटे मजदूरों के एक जत्थे का कोविड टेस्ट करवाया, तो उनमें 32 में से 24 मजदूर पॉजिटिव निकले। इससे क्षेत्र में एक बार फिर कोरोना दहशत का माहौल बन गया है।

बताया जाता है कि ईंट भट्टा में काम करने ओडिशा गए 32 मजदूर कल ही वापस अपने गांव गोपालपुर लौटे हंै। स्थानीय एसडीएम राकेश कुमार गोलछा के सख्त निर्देश के चलते अपने घरों तक पहुंच चुके इन मजदूरों को ग्रामीणों ने उनके घरों से निकल कर स्वास्थ्य केंद्र के कर्मियों को बुला कर कोविड जांच करवाई गई। कोविड जांच के बाद 32 में से 24 मजदूर पॉजिटिव पाए गए।

स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार गंजाम जिला ओडिशा के छतरपुर में ईट बनाने का काम करने महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड के ग्राम गोपालपुर से कुछ मजदूर गए हुए थे। ईट बनाने का काम कर सभी मजदूर वापस लौटने के पश्चात अपने घरों को चले गए थे। जिन्हें ग्राम सुरक्षा समिति द्वारा गोपालपुर स्थित क्वारंटीन सेंटर में लाया गया। इनकी सूचना पिथौरा स्वास्थ्य विभाग को दी गई। इसके बाद स्वास्थ्य अमला कोविड जांच के लिए पहुंचा ओडिशा से लौटे सभी 32 मजदूरों का कोविड टेस्ट किया गया, इनमें से 24 मजदूर पॉजिटिव पाए गए। इतनी ज्यादा संख्या में पॉजिटिव होने से ग्राम एवं क्षेत्र में एक बार पुन: दहशत का माहौल निर्मित हो गया है

लक्षण वाले मरीज केयर सेंटर में-एस डी एम

इधर स्थानीय एस डी एम राकेश कुमार गोलछा ने बताया कि सभी ग्राम पँचायतो को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ग्रामीण स्वयं ही शिफ्ट में रतजगा कर ग्राम की चौकीदारी कर रहे है। बाहर से आने वाले ग्रामीणों को हर हाल में क्वारंटीन किया जाने लगा है। क्षेत्र के प्राय: अधिकांस ग्रामो के मजदूर धीरे-धीरे अपने घरों को आ रहे है। इसलिए सभी को ग्राम पंचायत के माध्यम से पहले ग्राम के क्वारंटीन सेंटर में रख कर उनका कोविड टेस्ट अनिवार्यत: कराया जा रहा है। गोपालपुर के पॉजिटिव ग्रामीणों में बगैर लक्षण वालों को ग्राम के स्कूलों में ही आइसोलेट किया जा रहा है। जबकि लक्षण वालों को पिथौरा के कोविड केअर सेंटर में अनिवार्यत: रखा जा रहा है।
सभी संक्रमित मजदूरों का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य अमले द्वारा किया जा रहा है।

42 मजदूर क्वारंटीन में सचिव
ग्राम पंचायत गोपालपुर के सचिव जयप्रकाश अवस्थी के अनुसार शासकीय मिडिल स्कूल को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है । यहां अभी 42 मजदूर क्वारंटीन में है तथा कल 24 मजदूर उड़ीसा से वापस आए थे। पॉजिटिव पाए उनमें लक्षण दिखने वाले मजदूरों को आज पिथौरा कोविड सेंटर भेजा जाएगा।


अन्य पोस्ट