महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जून। बीती रात खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम पचेड़ा में एक अधेड़ की हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक की बेटी और दामाद से पूछताछ कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर, एसडीओपी नारद चंद्रवंशी के साथ पुलिस की टीम घटना की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम पचेड़ा निवासी लोकेश पिता कैलाश योगी का कल रात बारह बजे से अपनी बेटी-दामाद से विवाद चल रहा था। कैलाश शराब पीने का आदी था। वह नशे में अपनी बेटी-दामाद से मारपीट करने लगा। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। पुलिस को संदेह है कि बेटी-दामाद ने ही आवेश में आकर उसकी हत्या की होगी। बहरहाल खल्लारी थाने में अस्पताली मेमो से मिली जीरो मर्ग पर जांच जारी है। पुलिस मृतक के सिर पर लोहे के राड से गंभीर जख्म को मौत का कारण मानकर संदेहियों से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार कैलाश का गांव में एक होटल था। जहां उसकी बेटी प्रीति काम करती थी। छह महीने पहले प्रीति ने गौतमदास मानिकपुरी से लव मैरिज कर ली और पति के साथ रहने लगी। वह बीच-बीच में पिता से मिलने आती थी। कल भी वह अपने पति के साथ पचेड़ा आई थी। शराब के नशे में कैलाश ने प्रीति और उसके पति से विवाद शुरू कर दी। कैलाश अपनी बेटी प्रीति को होटल में वापस काम करने के लिए दबाव बना रहा था, जबकि प्रीति का पति इसके खिलाफ था। बहरहाल विवेचना जारी है।