महासमुन्द

दो बाइक को टक्कर मारते पिकअप कॉम्पलेक्स में जा घुसी, एक मौत, 2 घायल
29-May-2021 5:54 PM
दो बाइक को टक्कर मारते पिकअप कॉम्पलेक्स में जा घुसी, एक मौत, 2 घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मई।
पिकअप की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। इससे पहले पिकअप नें 2 बाइक को ठोकर मारी थी. घटना शुक्रवार सुबह की है। 

बागबाहरा पुलिस के अनुसार एनएच 353 मेन रोड में जैन कॉम्पलेक्स के पास एक पिकअप ने दो मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और कॉम्पलेक्स में जा घुसी।  इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है जिसे रायपुर रेफर कर दिया गया है, वहीं दूसरे घायल व्यक्ति का इलाज बागबाहरा अस्पताल में जारी है। 

थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि सीसदेवरी थाना पलारी निवासी केवल अपने जीजा के गांव डूमरपाली थाना खल्लारी आया हुआ था। शुक्रवार को वह बिना नंबर की बाइक में अपने जीजा भागवत प्रसाद तिवारी के साथ बागबाहरा में बच्चों के लिए कपड़ा लेने जा रहा था। इसी दौरान एनएच 353 मेन रोड, जैन कॉम्प्लेक्स के पास पिकअप के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए इसकी बाइक को टक्कर मार दी। पिकअप ने इसी दौरान एक और मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और काम्प्लेक्स में जा घुसी। इस घटना में केवल और उसके जीजा भागवत गिर गए। केवल के बाएं हाथ, दोनों पैर और कमर में चोट आई। वहीं भागवत के सिर और शरीर में काफी गंभीर चोटें आई। घटना के बाद दोनों को 108 के माध्यम से सीएचसी बागबाहरा ले जाया गया, जहां भागवत की मौत हो गई।

भागवत की बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप ने बाइक क्रमांक सीजी 06 जीजे 4535 को भी ठोकर मारी। जिसमें सवार व्यक्ति के हाथ, पैर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। उक्त व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पिकअप सवार का नाम प्रिया पालका है और वह ओडिशा का रहने वाला है। शुक्रवार को वह रायपुर से सब्जी लेकर ओडिशा जा रहा था। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ  अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
 


अन्य पोस्ट