महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। महासमुंद जिले में लाक डाउन जारी है। कई लोगों की मौतें हुई हैं। कोरोना का संक्रमण तेज गति से जारी है और लोग हैं कि भीड़ के रूप में सडक़ों पर, दुकानों में दिख रहे हैं। कल पिथौरा में पदस्थ पुलिस के एक जवान ने ‘छत्तीसगढ़’ को यह तस्वीर भेजी है।
जिले में अब तक 20 हजार 399 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। लेकिन राहत की बात ये है कि इनमें से 15 हजार 533 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। कोरोना का कहर इसी अप्रैल महीने में घातक रूप में सामने आया। जिले में 29 मई 2020 को पहले कोरोना संक्रमित की पहचान के बाद इसे 10 हजार तक पहुंचने में 302 दिन लगे थे। अगले 10 हजार मरीज केवल 30 दिन में ही सामने आ चुके हैं। मेडिकल बुलेटिन के अनुसार 27 मार्च 2021 को महासमुंद जिले में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 10 हजार के पार पहुंचा था। कल 26 अप्रैल की स्थिति में जिले में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 20 हजार 399 पहुंच चुकी है। इनमें से 15 हजार 533 ठीक हुए हैं और एक्टिव केस की संख्या 4 हजार 636 है। वहीं 230 लोग दम तोड़ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी इस बात से सहमत है कि कोरोना की दूसरी लहर में ज्यादा तबाही हुई है। कोरोना संक्रमण बचाव दल के जिला नोडल अधिकारी डॉ.अनिरूद्ध कसार ने बताया कि कोरोना के इस लहर के दौरान संक्रमण का फैलाव अधिक हो रहा है।
पिछली लहर में हम देख रहे थे कि किसी एक व्यक्ति के संक्रमित होने पर परिवार का अन्य सदस्य इन्फेक्टेड तो नहीं हो रहा। या फिर हो रहा तो एक या दो ही केस एक घर से सामने आते थे। लेकिन इस बार परिवार के किसी एक सदस्य के इन्फेक्टेड होने से परिवार के कई सदस्य संक्रमित हो रहे हैं। यही नहीं, पिछली बार कोरोना संक्रमित व्यक्ति का बुखार चार से पांच दिन में उतर जाता था और वह ठीक भी हो जाता था, लेकिन इस बार कई संक्रमितों का बुखार तो 10-10 दिन तक नहीं जा रहा है।
सोमवार को महासमुंद जिले में 491 कोविड पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई है। जिले में सोमवार को ही 468 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं और 3 ने दम तोड़ा है। जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार महासमुंद ब्लॉक में 155, बागबाहरा में 92, पिथौरा में 77, बसना में 56 और सरायपाली 111 मरीज सामने आए हैं। जिले में सोमवार को 1446 सैंपल जांच किए गए।