महासमुन्द

प्रदेश के गरीब परिवारों को मुफ्त में मिलेगा दो माह का चावल
26-Apr-2021 9:34 PM
प्रदेश के गरीब परिवारों को मुफ्त  में मिलेगा दो माह का चावल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ के प्रदेश के गरीब व जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त में दो महीने का चावल मिलेगा। संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने प्रदेश सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताया है। 

संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने बताया कि कोरोना संक्रमण के संकटकाल के विषम परिस्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार ने अंत्योदय, गरीब, निराश्रित एवं प्राथमिकता श्रेणी वाले परिवारों को दो माह का चावल नि:शुल्क दिए जाने का फैसला किया है। इससे राज्य के 58 लाख 29 हजार 371 राशन कार्ड धारी परिवारों को मिलेगा। मई और जून महीने का राशन का राशन उपभोक्ताओं को एकसाथ मिलेगा। उन्होंने इस फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल का आभार जताते हुए कहा कि यह जनहितकारी फैसला है। इससे गरीब तबके के लोगों को राहत मिल सकेगी। पिछले साल भी प्रदेश सरकार ने राशनकार्डधारियों को नि:शुल्क राशन वितरित किया था। 

संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि कोरोना संक्रमण से निपटने प्रदेश सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। राज्य सरकार अपने पूरे संसाधन के साथ इस महामारी से निपटने की कोशिश कर रहा है। चिकित्सालयों में जरूरी संसाधन मुहैया कराने के साथ ही प्रदेश में 296 नए डॉक्टरों की पदस्थापना की है। इन डॉक्टरों की नियुक्ति से वर्तमान कोरोना संकटकाल के दौरान संक्रमितों के इलाज व प्रबंधन में मदद मिलेगी। संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर ज्यादा घातक है। इसका वायरस ज्यादा संक्रमित करने वाला है। इस बार अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।

लिहाजा इससे बचाव ही सुरक्षा है। इसके लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है। मास्क के उपयोग, शारीरिक दूरी और हाथों की अच्छी साफ.सफाई से संक्रमण से बचा जा सकता है। यदि घर में किसी को लक्षण दिखें तो उसे आइसोलेट करें। उसकी कोरोना जांच करवाएं और रिपोर्ट पॉजिटिव आए तो एसओपी के मुताबिक पूरा उपचार लें। इलाज में देरी से संक्रमण बढ़ता है और यह जानलेवा हो सकता है।
 


अन्य पोस्ट