महासमुन्द

राजस्थान के युवक की लाश तालाब में मिली
26-Apr-2021 7:34 PM
राजस्थान के युवक की लाश  तालाब में मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अप्रैल।
टाइल्स का काम करने राजस्थान से बसना आए एक युवक का शव नकटा तालाब में रविवार की सुबह मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक ने खुद का गला काट लिया था। घटना के बाद युवक के अन्य साथियों ने एक निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया और घर लेकर चले गए। लेकिन सुबह युवक की लाश तालाब में मिली।

बसना थाना प्रभारी एल आर ठाकुर ने बताया कि राजस्थान के भरतपुर जिला, बैर थाना क्षेत्र के नावर गांव निवासी लक्ष्मण जाट पिता सग्गीराम उम्र 30 वर्ष अपने 4 अन्य साथियों के साथ टाइल्स लगाने का काम करता है। बसना के राजेश पटेल के यहां सभी काम करने आए हुए थे। शनिवार को लक्ष्मण फोन पर अपने परिजनों से बात कर रहा था। इसी दौरान फोन पर ही किसी बात को लेकर परिजनों से विवाद हुआ और लक्ष्मण ने अपना गला काट लिया। साथी उसे अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। साथियों ने बताया सुबह 4 बजे लक्ष्मण अपना मोबाइल देख रहा था लेकिन सुबह वह कमरे में नहीं था। बाद में तालाब में लाश मिली। मामले की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पीएम के बाद शव भी सौंप दिया गया। मृतक का बिसरा भी सुरक्षित रखा गया है, ताकि किसी प्रकार की आपत्ति पर आगे की जांच की जा सके।
 


अन्य पोस्ट