महासमुन्द

सोमवार को फिर मिले 338 पॉजिटिव, 4 की मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अप्रैल। बागबाहरा ब्लॉक के ग्राम तेंदूकोना में लगातार कोरोना के बढ़ते मरीजों के बीच सोमवार से सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक दुकान खोलने का आदेश पंचायत ने जारी किया है। कोरोना के प्रकोप को देखते हुए व्यापारियों ने भी फरमान को माना और दोपहर बाद दुकानें बंद कर दी। जिले में कोरोना संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। संक्रमण के साथ ही मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है।
सोमवार को ही जिले में चार कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में सोमवार को चार मौतें हुई है। इसमें से एक महासमुंद ब्लॉक का पटेवा निवासी 26 वर्षीय युवक है। उक्त युवक कुछ दिन पहले ही कोविड पॉजिटिव आया था जिसके बाद रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज करा रहा था। सोमवार को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसी तरह तीन मौतें जिला अस्पताल के डेडिकेटेड कोविड अस्पताल में हुई है। इसमें से एक सरायपाली ब्लॉक का 60 वर्षीय पुरुष है। वहीं दूसरा 50 वर्षीय पिथौरा ब्लॉक का निवासी बताया जा रहा है। चौथे मृतक के बारे में जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अप्रैल महीने के शुरुआती पांच दिनों में ही 12 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। कल सोमवार को ही चार मौतें हुईं जो इस महीने एक ही दिन में हुई सर्वाधिक मौत है। महासमुंद जिले में अब तक कुल 172 मौतें हो चुकी है। महासमुंद जिले में पिछले पांच दिनों में कोरोना के कुल 1248 मरीजों की पहचान हुई है। इसके साथ ही 12 मौतें भी हुई है। कल सोमवार को 338 पॉजिटिव की पहचान हुई। इनमें सर्वाधिक 160 महासमुंद से हैं। तेंदूकोना थाना क्षेत्र में चार कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। इसमें दो महिला और दो पुरुष कर्मचारी शामिल हैं। थाना प्रभारी हर्ष धुरंधर ने बताया कि सोमवार को एक महिला स्टॉफ कोरोना संक्रमित पाई गई।