महासमुन्द

महासमुंद में अब तक कोरोना के 10 हजार से अधिक मामले
28-Mar-2021 2:29 PM
महासमुंद में अब तक कोरोना के  10 हजार से अधिक मामले

शनिवार को जिले में एक साथ 92 पॉजिटिव, 1 की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मार्च।
महासमुंद जिले में अब तक कोरोना के 10 हजार से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।  शनिवार को जिले में एक साथ 92 पॉजिटिव मरीजों की पहचान हुई। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 10047 पहुंच चुकी है। 

महासमुंद जिले में कोरोना को 302 दिन बीत चुके हैं। 29 मई 2020 को महासमुंद जिले में कोविड का पहला मरीज मिला था। इसके बाद से कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता गया। जिले में कोविड पॉजिटिव का आंकड़ा 1000 पहुंचने में 102 दिन लगे थे, लेकिन इसके बाद इसकी रफ्तार इतनी तेज हुई कि औसतन 15 दिन में 1000 मरीज मिलते गए। दिसंबर के बाद से कोविड की रफ्तार थोड़ी कम हुई थी। यही कारण है कि 8 हजार से 9 हजार पहुंचने में इसे 36 दिन लगे। वहीं 9 हजार से आंकड़ा 10 हजार तक पहुंचने में इसे 52 दिन लगे। कल शनिवार को भी महासमुंद जिले में 92 मरीजों की पहचान हुई है। वहीं जिले के कोविड अस्पताल में शनिवार को एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। 

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार महासमुंद ब्लॉक में 57, बागबाहरा में 12, पिथौरा में 17, बसना में 5 और सरायपाली में 1 मरीज की पहचान हुई है। इस तरह जिले में कुल 92 मरीज मिले हैं। शनिवार को 16 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। इस तरह जिले में अब तक कुल 10047 मरीजों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 9438 स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब तक 155 की मौत हो चुकी है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या 323 है। मालूम हो कि जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। एक दिन पहले जिला अस्पताल के कोविड हॉस्पिटल में 26 बेड खाली थे, उस हॉस्पिटल में शनिवार को केवल 3 बेड खाली हैं। शनिवार को हॉस्पिटल में 23 मरीज भर्ती हुए हैं। इस तरह अब तक कोविड अस्पताल में कुल 48 मरीज इलाज के लिए भर्ती हो चुके हैं।

कोविड अस्पताल में शुक्रवार की देर रात कर्मचारियों से मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार की देर रात अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन रात 2.30 से 3 बजे के बीच कोविड अस्पताल पहुंचे, जो प्रतिबंधित क्षेत्र है। यहां पहुंचकर परिजनों ने ग्रामीण चिकित्सा सहायक डिग्रीलाल भोई और वार्ड ब्वॉय कन्हैया लाल सिदार से मारपीट की। छत्तीसगढ़ सहायक चिकित्सा संघ के पदाधिकारियों ने सीएमएचओ सहित कलेक्टर और एसपी से मिलकर मामले की शिकायत की है और संबंधित के खिलाफ  एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। कोविड अस्पताल के कर्मचारियों ने भी घटना के बारे में सीएमएचओ डॉ. एनके मंडपे को अवगत कराया। वहीं मामले को लेकर सीएमएचओ ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए पत्र को अग्रेषित किया है।
 


अन्य पोस्ट