महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 नवंबर। महासमुंद जिले में एक शिक्षिका से मंगलसूत्र और मोबाइल फोन लूटने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लूटे गए मंगलसूत्र के हिस्से, सोना और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थिया नानबाई चौधरी बेलटिकरी और शासकीय प्राथमिक शाला बड़े साजापाली की प्रधान पाठिका हैं। उन्होंने शिकायत में बताया था कि 30 जून 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह स्कूल में थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति स्कूल में घुसा और चाकू दिखाकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र तथा मोबाइल फोन लूटकर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान लूट की वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से मंगलसूत्र के 10 गेहूं दाना और गलाया हुआ करीब 1.5 ग्राम सोना बरामद किया गया। इसके अलावा मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। लूटे गए आभूषणों की खरीद-बिक्री में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों को मिलाकर कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में विशाल सिदार (19), रूपानंद सिदार (31) और मुकेश चौहान (38), निवासी पलसापाली, चौकी भंवरपुर; गोकुल चौहान (36), निवासी अरेकल, थाना बसना; भावेश पटेल (20), निवासी बरपेलाडीह, थाना बसना; कौस्तुभ गुप्ता, संचालक सूरज ज्वेलर्स, सरायपाली तथा एक नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।