महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 नवम्बर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार खल्लारी विधानसभा के कोमाखान अंतर्गत ग्राम पंचायत सुवरमाल में मंडल एवं सेक्टर पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं के साथ जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस जन चौपाल में मंडल प्रभारी व नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू व पूर्व सदस्य पर्यटन मंडल अंकित बागबाहरा एवं ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा प्रमुख रूप से मौजूद थे। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने एवं वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
जन चौपाल में संवाद करते हुए मंडल प्रभारी निखिलकांत साहू ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव और प्रत्येक नागरिक के स्वतंत्र मताधिकार पर निर्भर करती है। आज देश में मतदाता सूची की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा का जन आंदोलन है। इस अभियान को गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाकर आम जनता को जागरूक करना है।
श्री साहू ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस जनों को विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना या किसी प्रकार की अनियमितता होना उसके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। किसी भी मतदाता को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने बूथों पर जाकर सूची का मिलान करें और छूटे हुए नामों को जुड़वाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस दौरान मंडल व सेक्टर पदाधिकारियों में आशीष दीवान मोंगरापाली, युगेंद्र बहादुर चक्रधारी खेमड़ा, भरथरी महानंद खेमड़ा, तिलेश्वर साहू टेमरी, मिनेश्वर साहू करहीडीह, ईश्वर लाल सेन खैरटखुर्द, राजेंद्र शर्मा पटपरपाली, रेशम साहू करहीडीह, नरेंद्र जैन कोमाखान, सुनील टांडे देवरी, अंजोर सिंह ठाकुर टोंगोपानी, महेश कुमार महिलांग सराईपाली सुअरमार, मुंशीराम देवरी, वसीम रजा बकमा, हुलास चंद्राकर गांजर, कुंदन चंद्राकर खैरट, दिलीप कुमार चेलक खैरटखुर्द, सोमन खुंटे, ओमप्रकाश साहू मोहबा, चंद्रशेखर चंद्राकर मोहबा, जलील खान सिवनी, तुलसी चक्रधारी खैरटखुर्द, हरिशचंद्र यादव कोमाखान आदि उपस्थित थे।