महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 नवम्बर। बेमचा स्थित जिला जेल से सोमवार तडक़े चार कैदियों के फरार होने की खबर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों कैदी सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच जेल की दीवार फांदकर फरार हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलने पर डीजी, आईजी सहित पुलिस के आला अधिकारी जिला जेल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।
जिला जेल अधीक्षक पूजा तिर्की से मिली जानकारी अनुसार फरार कैदियों में पंचूराम निषाद, राजेन्द्र राज चौधरी, धरम वीर योगी और लीलाधर पाल शामिल है। बताया जा रहा है कि चारों कैदी एनडीपीएस और चोरी के मामलों में लंबे समय से जिला जेल में बंद थे।
एक साथ चार कैदियों के जेल से फरार होने की घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर उनकी तलाश शुरू कर दी हैं।
संभावित ठिकानों के साथ आसपास के इलाकों में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस फरार कैदियों के संभावित मार्ग और उनके संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है।