महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 16 नवम्बर। जिले के बसना थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट का परिवहन कर रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 शीशी नशीली कफ सिरप, 90 टैबलेट, एक कार और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार बीते 14 नवंबर को सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र भोई को सूचना मिली कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से नीले रंग की कार में कुछ लोग नशीली कफ सिरप और टैबलेट लेकर बसना आ रहे हैं। सूचना पर पदमपुर रोड स्थित थाना बसना के सामने जांच शुरू की।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची। पुलिस ने उसे रोकने का संकेत दिया तो चालक वाहन को पीछे मोडक़र भागने लगा। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अजय कुमार साहू सरगांव साबा, जिला मुंगेली बताया। कार में मनीष साहू तेलीबांधा रायपुर, गुलशन कुमार वर्मा सिलतरा रायपुर, सूरज पुष्टि कांटाभांजी, जिला बलांगीर और नितेश कुमार बारले सिलतरा रायपुर भी सवार थे।
डिक्की में रखे राजश्री पान मसाला लिखे कपड़े के थैले से 15 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद हुई। इसके अलावा नशीली टैबलेट की नौ पत्तियां मिलीं, जिनमें कुल 90 टैबलेट थीं।
पुलिस ने आरोपियों से इन दवाओं के परिवहन और कब्जे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने पांच लाख रुपए कीमत की कार, 3,045 रुपए की नशीली कफ सिरप, 720 रुपए की टैबलेट और पांच मोबाइल फोन जब्त किए।