महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 नवम्बर। बसना क्षेत्र में तीन युवकों ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए सडक़ पर मिला यात्री का बैग सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचा दिया। बैग में 9 हजार रुपए नगद, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड सहित कई जरूरी दस्तावेज थे। युवकों ने न सिर्फ पूरा सामान लौटाया बल्कि मालिक की ओर से दिए जा रहे एक हजार रुपए के इनाम को भी लेने से इनकार कर दिया। शिक्षक बोधन पटेल और प्रमोद बारीक शाम के समय सडक़ पर टहल रहे थे। इसी दौरान उन्हें रास्ते में एक लावारिस बैग मिला। बैग खोलकर देखने पर उसमें आधार कार्ड सहित कई जरूरी दस्तावेज मिले। आधार कार्ड पर दर्ज जानकारी के आधार पर तेज कुमार प्रधान ने बैग के मालिक से संपर्क करने की पहल की।
उन्होंने अपने दोस्तों के सहयोग से खुर्सीपहर बसना क्षेत्र निवासी वास्तविक मालिक का पता लगाया और बैग उसे सुरक्षित लौटा दिया।
बैग में 9 हजार रुपए नगद, दो एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, तीन आधार कार्ड और अन्य जरूरी कागजात रखे थे। खोया हुआ सामान वापस मिलने पर मालिक ने राहत की सांस ली और युवकों का आभार जताया।
बैग के मालिक ने युवकों को एक हजार रुपए इनाम देने की पेशकश की। लेकिन बोधन पटेल, प्रमोद बारीक और तेज कुमार प्रधान ने इसे लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सामान उसके असली मालिक तक पहुंचाना ही उनके लिए पर्याप्त है।