महासमुन्द
पिछले साल 10 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान खरीदी हुई, प्रदेश में अव्वल रहा महासमुन्द जिला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 नवम्बर। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने में अब सिर्फ तीन दिन शेष हैं। 15 नवंबर से जिले के 202 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी शुरू होगी। इसके लिए मंगलवार से किसानों को कर टोकन एप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन मिलने शुरू हो गये हैं। बुधवार से सहकारी समितियों में ऑफलाइन टोकन कटने की सुविधा भी शुरू हो जाएगी।
इस बार करीब 1.60 लाख नीकृत किसानों से धान खरीदी का अनुमान है। प्रशासन ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 लिए करीब 11 लाख मीट्रिक खरीदी का लक्ष्य रखा है। धान खरीदी की तैयारियों के तहत इस साल जिले में 20 नए उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। इससे किसानों अपनी उपज बेचने के लिए पहले से ज्यादा केंद्रों की सुविधा मिलेगी।
पिछले साल जहां 182 केन्द्रों में खरीदी हुई थी, वहीं इस बार इनकी संख्या बढक़र 202 गई है। सभी केंद्रों में व्यवस्था बनाए रखने और खरीदी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जिला एवं अनुविभाग स्तर के 75 अधिकारियों को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
किसानों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन लेने की सुविधा दी गई है। ऑनलाइन टोकन मंगलवार से तुहर टोकन एप पर उपलब्ध हैं। वहीं आज बुधवार से किसान अपनी संबंधित सहकारी समिति में पहुंचकर ऑफलाइन टोकन कटवा सकेंगे। टोकन व्यवस्था से खरीदी केंद्रों में किसानों की संख्या और धान की आवक को व्यवस्थित करने की तैयारी है। किसानों को टोकन में निर्धारित तारीख पर ही धान लेकर केंद्र पहुंचना होगा।
नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा के मुताबिक, जिले में धान खरीदी की सभी तैयारियां की जा रही हैं। 202 उपार्जन केंद्रों की निगरानी और नियंत्रण के लिए 75 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। खरीदी के दौरान केंद्रों की व्यवस्था, किसानों की सुविधा और तय प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बहरहाल धान खरीदी के लिए केंद्रों में तैयारी अंतिम चरण में है। महासमुंद जिले ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान खरीदी के मामले में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था। उस दौरान जिले के 182 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 1 लाख 48 हजार 418 किसानों से कुल 10 लाख 187 मीट्रिक टन धान खरीदा गया था। इस बार किसानों की संख्या बढक़र करीब 1.60 लाख होने का अनुमान है। वहीं खरीदी केंद्रों में किसानों को उनकी जमीन के रकबे के अनुसार धान लाने की अपील की गई है। पिछले साल की खरीदी को देखते हुए इस बार लक्ष्य बढ़ाकर करीब 11 लाख मीट्रिक टन किया गया है।