महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 11 नवंबर। पिथौरा स्थित नानक सागर में इस वर्ष 29 नवंबर को श्री गुरुनानक जयंती के अवसर पर नगर कीर्तन, कीर्तन समागम और गुरु का लंगर आयोजित किया जा रहा है। नानक सागर स्थल पर सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी के ठहरने के ऐतिहासिक संदर्भों और भूमि रिकॉर्ड दर्ज होने के कारण इस स्थान पर श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहता है।
कारसेवा प्रमुख बाबा साहेब सिंह के अनुसार, नानक सागर समिति की बैठक में तय निर्णय के तहत 27 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का शुभारंभ होगा।
28 नवंबर को शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 29 नवंबर को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का समापन होगा।
29 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कीर्तन समागम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से गुरु के लंगर की व्यवस्था रहेगी।
नगर कीर्तन एवं शिलान्यास
दोपहर 3 बजे नगर कीर्तन निकाला जाएगा। यह नगर कीर्तन बाबा साहेब सिंह कार सेवा डेरा से शुरू होकर राजा भैना द्वारा गुरु नानक देव जी के विश्राम स्थल (रानीसागर) तक पहुंचेगा। नगर कीर्तन के समापन पर गुरुद्वारा थड़ा साहिब निर्माण की नींव का पत्थर रखकर अरदास की जाएगी।