महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 नवम्बर। महासमुंद में पथ संचलन कार्यक्रम में नगर भ्रमण करते हुए स्वयंसेवकों ने घोष की धुन,कदमताल और अनुशासित कतारों के बीच विजयादशमी उत्सव मनाया।
शनिवार को पूर्ण गणवेश में निकले स्वयंसेवकों के पथ संचलन ने नगर में अनुशासन, एकजुटता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। रास्ते में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। इस आयोजन में स्वयंसेवकों के साथ महिलाएं,वरिष्ठ नागरिक और शहर के नागरिक भी शामिल हुए। पुरानी मंडी परिसर, गंजपारा में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
आयोजन दो चरणों में आहुत हुआ। पहले चरण में दोपहर 2.30 बजे स्वयंसेवक एकत्र हुए। इसके बाद संघ स्थान से पथ संचलन शुरू हुआ। घोष की धुन पर कदमताल करते हुए स्वयंसेवक निर्धारित मार्ग से आगे बढ़े। पथ संचलन हनुमान मंदिर, गुरुद्वारा साहिब रोड, लोहिया चौक, मेघ बसंत कॉलोनी, एफसीआई, माता काली मंदिर रोड से होते हुए वापस पुरानी मंडी स्थित संघ स्थान पहुंचा।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्य सभा हुई। इसमें कार्यक्रम अध्यक्ष रमेश पाहूजा और मुख्य वक्ता गुलाब सेन थे। मुख्य सभा के बाद कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। वक्ताओं ने विजयादशमी पर्व के महत्व और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की राष्ट्र साधना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित,सामाजिक एकता और समर्पण की भावना को मजबूत करना हर नागरिक का दायित्व है।