महासमुन्द

छापा: स्मार्ट मीटर कटने परपोल से कर रहे थे हुकिंग 59 मिले अवैध
01-Nov-2026 8:18 PM
छापा: स्मार्ट मीटर कटने परपोल से कर रहे थे हुकिंग 59 मिले अवैध

महासमुंद, 1 नवंबर। महासमुंद और गरियाबंद जिलों में बिजली विभाग के 26 जांच दलों ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर 213 कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान 59 उपभोक्ता अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पाए गए।

जांच में सामने आया कि बिल न चुकाने पर स्मार्ट मीटर से बिजली आपूर्ति काटे जाने के बाद उपभोक्ताओं ने बिजली पोल से हुकिंग कर पुन: कनेक्शन जोड़ लिया था। इसके अलावा मीटर को बायपास करने और एलटी लाइन से सीधे बिजली लेने के मामले भी सामने आए।

अभियान के दौरान 39 उपभोक्ताओं ने मौके पर कुल 13.51 लाख रुपये का बकाया बिल जमा किया। वहीं, 21 उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री बिजली समाधान योजना के तहत पंजीयन कराकर निर्धारित शुल्क जमा किया।

 शेष मामलों में विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

इन क्षेत्रों में चली जांच

महासमुंद संभाग: महासमुंद शहर, कोसरंगी, भलेसर, कनेकेरा, परसकोल, मुढ़ेना और घोड़ारी। सरायपाली संभाग: बरमकेला, पीपलधूठ, बसना और बरौली। पिथौरा संभाग- झलप, अंसुला, कुरमाडीह, बोधुलीही, सिरको और कुरसीपारा। गरियाबंद संभाग: अमलीपदर, मैनपुर और गौरापदर।

विभाग की चेतावनी

मुख्य कार्यपालन अभियंता पंचूराम वर्मा ने बताया कि विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत अवैध हुकिंग, एलटी लाइन से सीधी बिजली लेना और मीटर से छेड़छाड़ करना बिजली चोरी की श्रेणी में आता है। इसके लिए 3 साल तक के कारावास और अर्थदंड का प्रावधान है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट