महासमुन्द

लामीडीह हत्याकांड: आरोपी को उम्रकैद, जुर्माना भी
01-Nov-2026 8:16 PM
लामीडीह हत्याकांड: आरोपी को उम्रकैद, जुर्माना भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 1 नवम्बर। एक युवक की हत्या के मामले में सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया ने पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम लामीडीह निवासी रामेश्वर सोनवानी (24) को धारा 103-1 के तहत दोषी करार देते हुए उम्रकैद और 500 रुपए अर्थदंड से दंडित किया है। जुर्माना नहीं पटाने पर आरोपी को छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक संजय गिरी ने पैरवी की।

अभियोजन के मुताबिक जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के गांव लामीडीह निवासी सुखराम यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा शिवा यादव 17 जनवरी 2025 को मोटरसाइकिल से घूमने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 19 जनवरी की रात करीब साढ़े 8 बजे सुखराम की बेटी धनेश्वरी यादव ने मोबाइल पर एक युवक की फ ोटो देखी। फोटो में दिख रहा युवक उसे अपने भाई शिवा जैसा लगा। इसके बाद परिवार को शिवा के साथ अनहोनी की आशंका हुई।

सुखराम अपनी बेटी धनेश्वरी, भाई तेजराम यादव, सेवकराम यादव और सरपंच प्रतिनिधि किशोर यादव के साथ ग्राम बरेकेलकला पहुंचा। वहां पुलिस ने खुले मैदान से लगे एक मकान के पीछे मिले शव की पहचान कराई। परिजनों ने शव की पहचान शिवा यादव के रूप में की। शिवा के चेहरे, सिर और गले पर चोट के निशान थे। घटनास्थल से उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल गायब थे। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम लामीडीह के रामेश्वर सोनवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में विवाद के बाद शिवा की हत्या की बात सामने आई। आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल धारदार चाकू रास्ते में कहीं फेंक दिया था। वह शिवा की मोटरसाइकिल और मोबाइल रायपुर स्थित अपने घर रायपुर ले गया। हत्या में इस्तेमाल धारदार चाकू रास्ते में कहीं पर फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी दोनों दोस्त थे और आपसी विवाद हत्या का कारण बना। जांच विवेचना के दौरान आरोपी के पास से मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद हुए। आरोपी की लाल, सफेद जैकेट, मफलर और जूतों पर भी खून के निशान मिले। मामले में पेश किए गए सबूतों और गवाहों के बयान के आधार पर कोर्ट ने रामेश्वर सोनवानी को हत्या का दोषी माना और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई।


अन्य पोस्ट