महासमुन्द

विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और नशामुक्ति का संदेश
31-Oct-2026 7:17 PM
विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और नशामुक्ति का संदेश

बिरकोनी में जिला स्तर जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 अक्टूबर। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा महासमुंद एवं जूनियर रेडक्रॉस उपसमिति के तत्वावधान में चंडी मंदिर परिसर, बिरकोनी में जिला स्तरीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन के निर्देशन में हुए इस शिविर में बागबाहरा और महासमुंद के विभिन्न विद्यालयों से कुल 310 जूनियर्स और 57 काउंसलर्स ने भाग लिया। शिविर की मुख्य थीम ‘मानवता के साथ नशामुक्ति के लिए पहला कदम’ रही।

कार्यक्रम में संदीप दीवान, सभापति भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा महासमुन्द ने  विद्यार्थियों को सेवा का संकल्प लेकर आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जूनियर रेडक्रॉस का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन, मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।

ऐतराम साहू जिलाध्यक्ष भाजपा एवं स्काउट्स-गाइड्स ने विद्यार्थियों को अनुशासन और सामाजिक सहभागिता का महत्व समझाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नंद कुमार सिन्हा सहायक संचालक शिक्षा ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा, संस्कार और मानवीय मूल्यों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

अंजली बरमाल सहायक क्रीड़ा अधिकारी ने खेल, योग और शारीरिक सक्रियता के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

दाऊ लाल चंद्राकर (पूर्व उपसभापति) और राजेश्वर खरे (सदस्य) ने रेडक्रॉस की सेवा परंपरा और विद्यार्थियों को तंबाकू व नशीले पदार्थों से दूर रहने की प्रेरणा दी।

शिविर का संचालन करण सिंह सोरी द्वारा किया गया। द्वितीय दिवस के प्रात:कालीन सत्र की शुरुआत रेडक्रॉस ध्वज फहराने और गीत के सामूहिक गायन से हुई, जिसके बाद योगाभ्यास, रंगोली निर्माण और परिसर की साफ-सफाई जैसी गतिविधियां हुईं।

आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी व राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. यशवंत चौधरी तथा व्याख्याता दिनेश साहू ने विद्यार्थियों को दुर्घटना, चोट और आपातकालीन स्थितियों में दी जाने वाली प्राथमिक सहायता (फर्स्ट एड) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

प्राकृतिक आपदा के चलते समापन समारोह स्थगित

मौसम की स्थिति और प्राकृतिक आपदा की आशंका को ध्यान में रखते हुए प्रतिभागियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए शिविर का समापन समारोह स्थगित कर दिया गया। इस शिविर ने विद्यार्थियों में मानवता, सहयोग, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त जीवन के प्रति महत्वपूर्ण जागरूकता फैलाई।


अन्य पोस्ट