महासमुन्द

खल्लारी विस क्षेत्र में नए मतदान केंद्रों की स्थापना व मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने की मांग
30-Oct-2026 7:11 PM
खल्लारी विस क्षेत्र में नए मतदान केंद्रों की स्थापना व मतदाताओं की सुविधा बढ़ाने की मांग

बागबाहरा, 30 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण  की प्रक्रिया के अंतर्गत खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में नवीन मतदान केंद्रों की स्थापना एवं मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की मांग की गई है। इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी, महासमुंद के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने जिला निर्वाचन अधिकारी, महासमुंद को पत्र प्रेषित कर किया है।

विधायक द्वारिकाधीश यादव ने अपने पत्र में कहा है कि क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में मतदाताओं की सुविधा, मतदान केंद्रों की दूरी तथा उपलब्ध भवनों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए नवीन मतदान केंद्र बनाए जाने की आवश्यकता है। नए मतदान केंद्र स्थापित होने से मतदाताओं को मतदान करने में सुविधा मिलेगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।

इस संबंध में खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नवीन मतदान केंद्रों के लिए प्रस्तावित ग्रामों की सूची भी प्रस्तुत की गई है। इनमें प्रमुख रूप से बेलर, नवागांव, चितमखार, अमुरा, भीमखोज, रैतल, पडक़ीपाली, फेगड़ा, खखराझुड़ा, फूलझर, घुंचापाली, डोंगा, रोजा, कुरूमभांठा, बंजरबाहरा, घोंघामाठा, चौर्मभ_ी, जोगीडीपा, मातरबाहरा, गुलझर, कोंडेश्वर, सोनादादर, आमागांव, कस्तूरबोड़, डोकरपाली, धामनतोरसी, दावनबोड़, खुसरूपाली, हनुमानडीह, सराईपाली, उरदमाली, चुरूपाली, खड़ादरहा, बांसकांटा, मिलाईदादर कला, चिंगरिया, खट्टीडीह, पडक़ुडा़, करमूड़ा खुर्द, करमूड़ा कला, मातागुड़ा, लोंदाभांठा, भलेसर, भालुकोना, सेनभांठा, बेहराभांठा एवं बनियातोरा सहित अन्य ग्राम शामिल हैं।

विधायक ने निर्वाचन अधिकारियों से आग्रह किया है कि प्रस्तावित ग्रामों एवं स्थानों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यकतानुसार नवीन मतदान केंद्रों की स्थापना सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जिन स्थानों पर मतदाताओं की संख्या, भौगोलिक स्थिति अथवा मतदान केंद्र तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए नए केंद्र की आवश्यकता है, वहां निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदान का अवसर मिलना आवश्यक है। मतदान केंद्रों की उचित व्यवस्था से विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों के मतदाताओं को राहत मिलेगी और मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनेगी।

श्री यादव ने निर्वाचन विभाग से प्रस्तावित सूची पर गंभीरतापूर्वक विचार कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट