महासमुन्द

पंडरीपानी के दो घरों में घुसा तेंदुआ
30-Oct-2026 5:02 PM
पंडरीपानी के दो घरों में घुसा तेंदुआ

बत्तख और गाभिन बकरी का शिकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 अक्टूबर। महासमुंद जिले के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की आवाजाही से दहशत बनी हुई है। बीती रात पंडरीपानी गांव में एक तेंदुआ दो अलग-अलग घरों में घुस गया। पहले उसने चैतराम पांडे के घर में बत्तख का शिकार किया और इसके बाद पड़ोसी कुसनो पांडे की बाड़ी के शेड में बंध बकरियों में से एक गर्भवती बकरी को अपना निवाला बनाया। एक ही रात में दो घरों में तेंदुए के पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। इससे पहले पंडरीपानी में 3 अक्टूबर को लक्ष्मीनारायण यादव पर तेंदुए ने हमला कर जख्मी कर दिया थ, और उसके अगले दिन झिटकी गांव में तेंदुए के हमले में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उस तेंदुए को पकडऩे के बाद उसकी मौत हो गई थी, जिसके बाद से लगातार वनांचल के गांवों में तेंदुए की मौजूदगी की खबरें आ रही हैं।

20 अक्टूबर को भी बेहराभांठा, बनियातोरा और परकोम क्षेत्र में तेंदुए को देखे जाने की खबरें सामने आई थीं। अब घरों तक तेंदुए के पहुँचने से ग्रामीणों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मामले में डीएफओ टी.एन. श्रीनिवासन ने फोन पर बताया कि वे परिवार में गमी कार्यक्रम के कारण बाहर हैं, और अधीनस्थ कर्मचारियों से जानकारी ले रहे हैं।


अन्य पोस्ट