महासमुन्द
महासमुंद, 29 अक्टूबर। नगर पालिका द्वारा चलाया जा रहा विशेष सफाई अभियान के तहत महामाया तालाब की सफाई लगातार चौथे दिन भी जारी रही। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद तालाब में बचे हुए अवशेषों को पालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा बाहर निकाला जा रहा है। लगातार श्रम के साथ तालाब की गहराई से कचरे, बांस, कपड़े और पूजा सामग्री को हटाया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि महामाया तालाब शहर की आस्था और पहचान का केंद्र है और इसे स्वच्छ व सुंदर बनाए रखना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पालिका द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है लेकिन लगातार प्रतिमाओं के विसर्जन और हवन सामग्रियों को तालाब में डालने से तालाब में अस्वच्छता बढ़ती है। जिससे जल की गुणवत्ता प्रभावित होती है।
अध्यक्ष साहू ने नगरवासियों से अपील की है कि सभी नागरिक जागरूकता का परिचय देते हुए हवन सामग्री को तालाब में न डालकर निर्धारित कुंड में डालें और बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन तुमाडबरी बांध में करें। उन्होंने कहा कि जन सहयोग से ही महामाया तालाब को स्वच्छ, सुंदर और निर्मल बनाया जा सकता है।