महासमुन्द

गांजा लाने पर नाबालिगों को 10 हजार, मनपसंद जगहों पर टूर भी
27-Oct-2026 7:32 PM
गांजा लाने पर नाबालिगों को 10 हजार, मनपसंद जगहों पर टूर भी

मुख्य खरीदार जिम संचालक मुंगेली से बंदी, नाबालिगों को बनाया था सप्लायर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 अक्टूूबर। गांजा तस्करी के नेटवर्क की जांच करते हुए महासमुंद पुलिस ने मुंगेली जिले के पथरिया से मुख्य खरीदार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रकाश सोनी उर्फ  छोटू जिम चलाने की आड़ में गांजे का अवैध कारोबार कर रहा था। वह बाहर गांजा बेचने के साथ जिम आने वाले युवाओं को भी कम दाम पर गांजा उपलब्ध कराता था।

 पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी के लिए पढ़ाई छोड़ चुके नाबालिगों को लालच देकर इस्तेमाल किया जाता था।

कोमाखान थाना क्षेत्र में दर्ज दो मामलों की कड़ी जोडक़र जांच करने बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। पहले मामले में 23 अगस्त को रेलवे स्टेशन पास पुलिस ने राहुल साहू, आयुष यादव और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा था। उनके पास से 11.420 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत 5 लाख 71 हजार रुपए बताई गई। तकनीकी जांच और पूछताछ में प्रकाश सोनी का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर पथरिया में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

मालूम हो कि 2 सितंबर को भी एनएच-353 पर सुक्रमाल चौक के पास पुलिस ने कामिनी खाण्डे और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा था। इनके पास से 16.820 किलो गांजा बरामद हुआ। जिसकी कीमत 8 लाख 41 हजार रुपए थी।

दोनों मामलों में कुल 28.240 किलो गांजा, जिसकी कीमत 14 लाख 12 हजार रुपए है, जब्त किया गया। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 80 हजार रुपए बताई गई, भी जब्त किए गए। कुल जब्ती 14 लाख 92 हजार रुपए की है। इसमें पुलिस की जांच में तस्करी के लिए नाबालिगों को इस्तेमाल करने का तरीका सामने आया।

जानकारी के अनुसार तस्कर पढ़ाई छोड़ चुके नाबालिगों को एक बार गांजा लाने के बदले 10 हजार रुपए देते थे। उन्हें ओडिशा के पुरी समेत उनकी पसंद की जगहों पर घूमने ले जाने का लालच भी दिया जाता था। नाबालिगों को कथित तौर पर यह भरोसा दिलाया जाता था कि पकड़े जाने पर मामूली मामला बनेगा, वे जल्द छूट जाएंगे और उन्हें छुड़ाने का खर्च भी तस्कर उठाएंगे।


अन्य पोस्ट