महासमुन्द

गांजा तस्करी: 10 साल कैद, एक लाख जुर्माना
27-Oct-2026 7:31 PM
गांजा तस्करी: 10 साल कैद, एक लाख जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 अक्टूूबर। विशेष न्यायालय एनडीपीएस एक्ट की पीठासीन न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी की अदालत ने 120 किलो गांजे की तस्करी में आरोपी पुनीत पटेल को 10 साल के सश्रम कारावास और 1 लाख रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना नहीं देने पर उसे एक साल का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।

अभियोजन के अनुसार 28 अगस्त 2023 को सांकरा पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद कार से ओडिशा की ओर से गांजा लाया जा रहा है। पुलिस ने एनएच-53 पर गुरुघासीदास चौक के पास नाकाबंदी कर कार रोकी। तलाशी के दौरान कार के पिछले हिस्से, दरवाजों और बोनट से खाकी टेप में लिपटे 130 पैकेट मिले।

तौल में बोरियों सहित कुल 120.300 किलो गांजा मिला। जबकि शुद्ध गांजे की मात्रा 120 किलो बताई गई। पुलिस ने गांजा और कार जब्त कर आरोपी पुनीत पटेल उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया था।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 और 52-क के पालन, इन्वेंट्री, मजिस्ट्रेट के समक्ष सत्यापन और एफएसएल रिपोर्ट से जुड़े साक्ष्य पेश किए।

 अदालत ने कहा कि नशे की तस्करी से युवक और बच्चे प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में समाज को नुकसान पहुंचाने वाले तस्करों के प्रति उदार दृष्टिकोण अपनाना न्यायसंगत नहीं है।


अन्य पोस्ट