महासमुन्द

महुआ शराब से युवक की तबियत बिगड़ी, भर्ती
25-Oct-2026 7:39 PM
महुआ शराब से युवक की तबियत बिगड़ी, भर्ती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 अक्टूूबर। नगर पंचायत बसना के वार्ड क्र.01 स्थित इंदिरा कॉलोनी में कथित तौर पर कच्ची महुआ शराब के सेवन के बाद एक युवक की तबीयत बिगडऩे का मामला सामने आया है। कमल बंजारे को उल्टी होने और स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में भर्ती कराया गया,जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कच्ची महुआ शराब के निर्माण और आपूर्ति को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि  युवक की तबीयत बिगडऩे के वास्तविक कारणों की अब तक चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है और न ही अवैध शराब निर्माण एवं आपूर्ति के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार 23 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे इंदिरा कॉलोनी निवासी कमल बंजारे की शराब सेवन के बाद तबीयत बिगडऩे लगी। बताया गया कि उसे उल्टी होने लगी और उसकी परेशानी बढ़ती चली गई। स्थिति को देखते हुए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। घटना के अगले दिन कल 24 अक्टूबर को वार्ड पार्षद मनोज गहेरवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना में फोन कर युवक के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

इस दौरान कमल की पत्नी ने उन्हें बताया कि कच्ची महुआ शराब पीने के बाद उसके पति की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार युवक का उपचार जारी है। इंदिरा कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में कच्ची महुआ शराब बनाए जाने और उसकी आपूर्ति होने की चर्चाएं स्थानीय लोगों के बीच सामने आती रही हैं।

ताजा घटना के बाद इन चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है।


अन्य पोस्ट