महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अक्टूूबर। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम पंचायत मरार कसहीबाहरा के आश्रित ग्राम पडक़ीपाली के ग्रामीण 26 साल से पक्की सडक़ और नाले पर पुल बनने का इंतजार कर रहे हैं। आवेदन और ज्ञापन देने के बाद भी समस्या नहीं सुलझी तो ग्रामीणों ने अब पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया है।
महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग, युवा और स्कूली बच्चों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम 232 पोस्टकार्ड लिखकर बागबाहरा डाकघर से मुख्यमंत्री कार्यालय भेजा है।
करीब 400 की आबादी वाले इस आदिवासी बाहुल्य गांव को मुख्य मार्ग से जोडऩे वाली साढ़े तीन किलोमीटर की कच्ची सडक़ का पक्कीकरण और रास्ते में पडऩे वाले नाले पर पुल बनाने की मांग है।
ग्रामीणों के मुताबिक बारिश में गांव का संपर्क लगभग कट जाता है। आपात स्थिति में एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचना मुश्किल होता है। राशन लेने पंचायत मुख्यालय मरार कसहीबाहरा तक पगडंडी से जाना पड़ता है। मतदान के लिए भी करीब तीन किलोमीटर दूर ओकारबंद केंद्र तक पैदल जाना पड़ता है। गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी है।
ग्रामीणों ने बताया कि पोस्टकार्ड अभियान के बाद ग्रामीण नवंबर के प्रथम सप्ताह में पडक़ीपाली से राष्ट्रीय राजमार्ग.353 के हाडाबंद ओवरब्रिज तक साढ़े तीन किलोमीटर की पदयात्रा निकालेंगे। इसके बाद मुख्य मार्ग किनारे धरना देकर जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपेंगे। इसकी सूचना कलेक्टर, बागबाहरा एसडीएम, तहसीलदार और खल्लारी थाना को दी गई है।