महासमुन्द

सीएम ने गढफ़ुलझर में सर्वमंगल भवन का किया लोकार्पण, 50 लाख के डोम निर्माण की घोषणा
24-Oct-2026 8:02 PM
सीएम ने गढफ़ुलझर में सर्वमंगल भवन का किया लोकार्पण, 50 लाख के डोम निर्माण की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 अक्टूबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढफ़ुलझर स्थित रामचंडी मंदिर पहुंचे। उन्होंने मां रनेश्वर रामचंडी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्ष 2024 में किए गए वादे पूरे हो रहे हैं। गढफ़ुलझर में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया गया है। इसके साथ ही 48 लाख रुपए की लागत से मानसरोवर तालाब के सौंदर्यीकरण तथा लगभग पौने दो किलोमीटर सडक़ के निर्माण का कार्य भी जारी है, जिस पर 3.50 करोड़ रुपए की लागत आएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढफ़ुलझर में विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं। कोलता समाज का प्रदेश सरकार को सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने समाज को शिक्षित, समृद्ध और सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पित बताते हुए कहा कि यह समाज अन्य समाजों का मार्गदर्शन करने में भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मंदिर परिसर में 50 लाख रुपए लागत के डोम निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाएं हैं। सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ होम-स्टे जैसी सुविधाओं के विकास पर भी कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने सिरपुर बैराज तथा सिकासेर-कोडार लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में डोम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। सैनिक स्कूल की स्थापना के संबंध में प्रस्ताव भेजने तथा अन्य मांगों का परीक्षण कर कार्रवाई करने की बात कही।

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि गढफ़ुलझर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने रामचंडी मंदिर की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र आध्यात्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र है। यहां गुरुद्वारे के निर्माण तथा लक्ष्मी-नारायण मंदिर के विकास से धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बसना क्षेत्र में आध्यात्मिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है और नए सामुदायिक भवन का लोकार्पण सामाजिक एकता एवं भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कोलता समाज को मेहनतकश, कृषि से जुड़ा और राष्ट्र के विकास में योगदान देने वाला समाज बताया।

महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि चतुर्दशी के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। गढफ़ुलझर श्रद्धा और आस्था का केंद्र है तथा इसके विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कोलता समाज को उदार, मिलनसार और सभी समाजों एवं वर्गों को साथ लेकर चलने वाला समाज बताया। उन्होंने सिरपुर के यूनेस्को की विश्व धरोहर की संभावित सूची में शामिल होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने रामचंडी मंदिर में सीढिय़ों के लिए शेड निर्माण हेतु सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने वाला अवसर है। कोलता समाज मिलनसार, सेवाभावी और शिक्षित समाज है। समाज के लोग शिक्षा, सेवा और कृषि के क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए गढफ़ुलझर अंचल में सैनिक स्कूल की स्थापना, ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा तथा लोअर जोंक वृहद जलाशय के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

इस अवसर पर बिजेपुर विधायक सनत गढ़तीया, अताबीरा विधायक निहाररंजन महानन्द, बरगढ़ विधायक अश्विनी षढ़ंगी, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, जिला पंचायत सदस्य मोक्ष प्रधान, गढफ़ूलझर सरपंच हरप्रीत कौर, भाजपा जिला अध्यक्ष एतराम साहू, छत्तीसगढ़ कोलता समाज अध्यक्ष भुवनेश्वर सदावर्ती, रायगढ़ अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता सरगुजा अध्यक्ष, रामचंद्र सा, संरक्षक हरिचरण प्रधान, व्यासदेव भोई उपस्थित थे।

संभागीय अध्यक्ष गिरधारी साहू ने स्वागत भाषण देते हुए अभिनंदन पत्र का वाचन किया। महामंत्री मथामणि बढ़ाई ने प्रतिवेदन वाचन किया।


अन्य पोस्ट