महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 22 अक्टूबर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बागबाहरा द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की जांच और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की गई।
रैली के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बागबाहरा के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें शामिल थीं- मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया में सामने आई कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराकर निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएं। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोडऩे तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित रूप से न हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
निर्वाचन संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर पूर्व पर्यटन मंडल सदस्य अंकित बागबाहरा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवनाथ साहू, उपाध्यक्ष शहजान पाशा, कोषाध्यक्ष राहुल कुलदीप, मंडल अध्यक्ष मुकुन्द सिन्हा, चन्दू साहू, राजेश सिन्हा, सेवादल अध्यक्ष केवल यादव सहित अन्य पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।