महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 अक्टूबर। महासमुंद जिले के तेंदूकोना थाना क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में घर पहुंचे बड़े बेटे ने गाली-गलौज करने से मना करने पर अपने ही पिता पर फ ावड़े रापा से हमला कर दिया। हमले में पिता के सिर और माथे पर चोट लगी तथा खून निकलने लगा। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसारए घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 11.40 बजे ग्राम बुंदेली में रिखीराम साहू के घर के आंगन में हुई। शिकायतकर्ता प्रशांत साहू के मुताबिक परिवार के सभी सदस्य घर पर थे। इसी दौरान उसका बड़ा भाई बालेश कुमार साहू कथित तौर पर शराब के नशे में घर पहुंचा और हंगामा करते हुए गाली-गलौज करने लगा।
शिकायत के अनुसार घर में हो रहे हंगामे और गाली-गलौज को देखकर पिता रिखीराम साहू आंगन में आए। उन्होंने बालेश को शराब पीने और गाली-गलौज करने से मना किया। इस बात पर बालेश भडक़ गया और पिता को अश्लील गालियां देते हुए आंगन में रखे फ ावड़े (रापा)से हमला कर दिया। जिससे रिखीराम साहू के सिर और माथे पर चोट आई और खून निकलने लगा।
घटना के दौरान प्रशांत साहू और उसकी मां जानकी साहू मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बीच-बचाव भी किया। घटना के बाद पुलिस चौकी बुंदेली में सूचना दी गई। इसके आधार पर 21 अक्टूबर को आरोपी बालेश कुमार साहू के नाम से तेंदूकोना थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 115-2 के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।