महासमुन्द

मतदाता सूची से नाम काटने के विरोध में शहर कांग्रेस का मार्च
21-Oct-2026 7:20 PM
मतदाता सूची से नाम काटने के विरोध में शहर कांग्रेस का मार्च

मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त कर गिरफ्तारी की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 21 अक्टूबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर तथा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के मार्गदर्शन में संचालित वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के अंतर्गत सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी महासमुंद द्वारा ब्लॉक स्तरीय विरोध मार्च निकाला गया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में आयोजित यह मार्च कांग्रेस भवन से प्रारंभ होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा। यहां कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने के मुद्दे पर विरोध जताते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं 2023 विधानसभा चुनाव में महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी रहीं डॉ.रश्मि चंद्राकर,पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोजकांत साहू सहित अनेक कांग्रेसजन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जाने को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में नियमों के विरुद्ध मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से बर्खास्त करने तथा उनके खिलाफ  कार्रवाई कर गिरफ्तारी की मांग उठाई।

विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर नारेबाजी की। साथ ही भारतीय जनता पार्टी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ  भी नारे लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की शुचिता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित तरीके से सूची से हटाया जाना गंभीर चिंता का विषय है और ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मामले में हस्तक्षेप करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। शहर कांग्रेस कमेटी ने कहा कि वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के माध्यम से लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए जनजागरूकता एवं लोकतांत्रिक विरोध का सिलसिला जारी रहेगा। उक्त ब्लाक स्तरीय मार्च में लक्ष्मी देवांगन, भरत ठाकुर,निर्मल जैन, राशि महिलांग, अमन चंद्राकर, ढेलू निषाद  पार्षद मुस्ताक खान, तुलसी साहू समेत सैकड़ों पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट