महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अक्टूबर। नौ दिनों तक चले नवरात्रि पर्व के पश्चात महासमुंद शहर और ग्रामीण अंचलों में माता की प्रतिमाओं तथा ज्योत-जंवारा का विसर्जन किया गया। महामाया तालाब में विभिन्न पूजा समितियों द्वारा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
इस वर्ष शहर के 30 से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं, साथ ही हाईस्कूल मैदान, मिनी स्टेडियम और सिटी स्पोर्ट क्लब में गरबा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। अष्टमी और नवमी के अवसर पर कन्या पूजन और हवन-पूजन के कार्यक्रम संपन्न हुए।
सोमवार को बरोंडा चौक से विसर्जन यात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न समितियों की प्रतिमाएं शामिल थीं। पंजाबी पारा क्षेत्र से निकाली गई यात्रा के दौरान कलाकारों द्वारा शिवजी और नौ देवियों के स्वरूप की सजीव झांकियां प्रस्तुत की गईं। विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात को नियंत्रित रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बल द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए थे। पुलिस और पूजा समितियों के समन्वय से संपूर्ण विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।