महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अक्टूबर। जिले के पुलिस लाइन परसदा (ब) में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शहीद जवानों के अदम्य साहस, वीरता और देश के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में महासमुंद पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह,महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, सरायपाली विधायक चातुरी नंद सहित शहीद जवानों के परिजन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में 19 शहीद परिवारों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही परिजनों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने शहीद जवानों की वीरता और बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। उनके त्याग और समर्पण से आने वाली पीढिय़ों को देशसेवा की प्रेरणा मिलती रहेगी।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों के साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है। महासमुंद में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ उनके परिवारों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया।