महासमुन्द

जिला अस्पताल में जटिल सर्जरी कर बचाई प्रसूता की जान
19-Oct-2026 7:35 PM
जिला अस्पताल में जटिल सर्जरी कर बचाई प्रसूता की जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 19 अक्टूबर। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय महासमुन्द के स्त्रीरोग एवं प्रसूति रोग विभाग के चिकित्सकों ने अपनी उत्कृष्ट दक्षता और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक अत्यंत जटिल प्रसवोत्तर मामले में सफल सर्जरी कर महिला की जान बचा ली है।

जारी खबर के अनुसार अस्पताल में एक महिला का सामान्य प्रसव हुआ था। जिसके ठीक दूसरे दिन उसके पेट में अत्यधिक सूजन, तेज दर्द और गंभीर एनीमिया खून की कमी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई।

मरीज की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए तुरंत अल्ट्रासोनोग्राफी कराई गई। जिसमें पेट के भीतर अत्यधिक मात्रा में तरल पदार्थ जमा होने की बात सामने आई। मरीज की नाजुक हालत और गंभीरता को भांपते हुए स्त्रीरोग विशेषज्ञों ने बिना समय गंवाए तत्काल एक्सप्लोरेटरी लैपरोटॉमी करने का साहसिक निर्णय लिया।

ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की टीम ने जो देखा, वह बेहद हैरान करने वाला था। पेट के भीतर लगभग 30 गुणा 30 सेंटीमीटर के विशाल आकार एवं 6 किलो वजन की एक ओवेरियन सिस्ट अंडाशय की गांठ मौजूद थी। चिकित्सकों की कुशल टीम ने बेहद सावधानीपूर्वक इस जटिल गांठ को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।

अस्पताल के विशेषज्ञों का कहना है कि यह एक अत्यंत चुनौतीपूर्ण चिकित्सकीय मामला था। यह घटना इस बात का स्पष्ट संदेश देती है कि प्रसव के बाद पेट में होने वाली असामान्य सूजन, दर्द या किसी भी तरह की असहजता को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। प्रसवोत्तर काल में समय पर सही जांच और उचित उपचार जीवनरक्षक साबित हो सकते हैं।

इस जटिल और सफल सर्जरी को अंजाम देने वाली चिकित्सा टीम में प्रमुख रूप से स्त्रीरोग एवं प्रसूति रोग विभाग से डॉ.  नेहा ठाकुर, डॉ. प्रतिमा कोशेवारा एवं डा.गरिमा सोलंकी केअलावा एनेस्थीसिया विभाग के डॉ.अमितेश एवं डॉ.अजय, नर्सिंग एवं सहायक स्टाफ, सिस्टर पूजा, सिस्टर तृप्ति तथा अन्य सहायक स्टाफ  शामिल हैं।


अन्य पोस्ट