महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द,13 अक्टूबर। आगामी 24 अक्टूबर को गढ़ फुलझर में आयोजित होने वाले रामचंडी दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आमंत्रित किया गया है। कोलता समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने बसना विधायक डा. संपत अग्रवाल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार मुख्यमंत्री ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति प्रदान की है।
कोलता समाज के संरक्षक हरिचरण प्रधान ने बताया कि सरायपाली, बसना एवं पिथौरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में कोलता समाज के लोग निवासरत हैं। समाज की आराध्य देवी मां रामचंडी प्राचीन पुलझर राज्य के ऐतिहासिक गढ़ के शिखर पर विराजित हैं। कोलता समाज द्वारा आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को रामचंडी दिवस बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर वृहद सामाजिक एवं धार्मिक समारोह का आयोजन भी किया जाता है। शारदीय नवरात्रि के पश्चात मां रामचंडी की विशेष पूजा.अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित ओडि़शा क्षेत्र के कोलता समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।
कोलता समाज के अध्यक्ष गिरधारी साहू ने बताया कि पिछले वर्ष रामचंडी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना थी। लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वे नहीं आ पाए थे।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतिनिधिमंडल द्वारा आमंत्रित किए जाने पर मुख्यमंत्री ने रामचंडी दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आश्वस्त किया है।