महासमुन्द
जनपद उपाध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, पकडऩे की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 12 अक्टूबर। बेलसोंडा में पिछले एक सप्ताह से बंदर के आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
बंदर द्वारा कई ग्रामीणों पर हमला किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर जनपद उपाध्यक्ष महासमुंद हुलसी चंद्राकर ने कल महासमुंद कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह से मुलाकात की।
उन्होंने पूरे मामले की गंभीरता से जानकारी देते हुए ज्ञापन सौंपा और मांग की कि आक्रामक बंदर को तत्काल पकडऩे के लिए संबंधित वन विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
हुलसी चंद्राकर ने कहा कि लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीणों में भय व्याप्त है। समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी घटना घट सकती है। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान बेलसोंडा सरपंच प्रीतबाई धीवर एवं ग्रामीण हिमांशु परमार भी उपस्थित रहे।