महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 8 अक्टूबर। बलौदाबाजार जिले के अंतर्गत शहीद वीर नारायण सिंह की जन्म एवं कर्मभूमि सोनाखान को विकासखंड का दर्जा मिलने की घोषणा से ग्रामीणों में खुशी है। इस निर्णय के बाद ग्रामीणों ने शासन से कई प्रमुख मांगें रखी हैं।
ईष्ट देवी-देवता और युद्ध स्थल कुर्रुपाठ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर सौंदर्यीकरण किया जाए। भूपेश बघेल सरकार द्वारा स्वीकृत 267.47 लाख के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कर कांक्रीट मार्ग बनाया जाए। साथ ही सोनाखान को राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जाए।
वर्ष 1984-85 से संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किया जाए। भाजपा सरकार बनने के बाद यहां से हटाई गई महतारी एक्सप्रेस 102 और 108 की सुविधा पुन: बहाल की जाए, ताकि समय पर इलाज न मिलने से होने वाली मौतों को रोका जा सके।
स्वामी आत्मानंद विद्यालय तक जाने वाली संकरी व खतरनाक सडक़ का चौड़ीकरण कर नाले पर पुलिया बनाई जाए। विद्यालय में छात्रों के अनुपात में प्राचार्य एवं शिक्षकों के खाली पद भरे जाएं, ताकि 32त्न के चिंताजनक परीक्षा परिणाम में सुधार हो सके।
चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों (जैसे कॉलेज, तहसील और एकलव्य विद्यालय) में बाहरी लोगों के बजाय दिहाड़ी मजदूरी पर निर्भर स्थानीय गरीबों को प्राथमिकता दी जाए।
इन मांगों को लेकर ग्राम अध्यक्ष रामसाय यादव की अध्यक्षता में एक सामूहिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें मोहनदास, मोहन लाल पैकरा, कैलाश चंद्र, लल्लू पैकरा, पूर्व सरपंच हेमलता यादव, पूर्व पंच जीरा बाई पैकरा, जंत्रा बाई सागर तथा नवदुर्गा महिला समिति के सदस्य उपस्थित रहे।