महासमुन्द
पिथौरा, 7 अक्टूबर। कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने मेकाहारा पहुंचकर तेंदुए के हमले से घायल हुए लोगों का हाल-चाल जाना।
ज्ञात हो कि महासमुंद जिले के पिथौरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिटकी में सरजू यादव के मकान में देर रात एक तेंदुआ घुस आया। घर में सो रहे परिजनों पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें परिवार के 10 में से 8 सदस्य घायल हो गए। तेंदुए ने घर में प्रवेश करते ही हमला कर दिया। हमले में सुनीता यादव (पति तासराम यादव) की दोनों आंखों में गंभीर चोट आई है, वहीं वृद्ध महिला उत्तरी बाई के सिर और गले पर गहरा घाव हुआ है। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को उपचार हेतु रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में सरजू यादव (65 वर्ष), झनक, मनीष, तुषार, सुनीता और लक्ष्मी भी घायल हुए हैं, जिनके हाथ, पीठ, बांह और पेट पर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा मेकाहारा (रायपुर) पहुँचे और पीडि़त परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों से ली तथा राज्य सरकार से घायलों के सर्वोत्तम नि:शुल्क इलाज एवं समुचित मुआवजे की मांग की है।