महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दान उत्सव में प्रेरणादायी मिसाल सामने आई है, जो जीवन के साथ-साथ मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा का संदेश देती है। महासमुंद निवासी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत शीला प्रधान के अलावा आदिवासी विकास विभाग के अधीक्षक दंपति ने देहदान का संकल्प लिया है।
गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को तीनों ने सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत देहदान का संकल्प लेते हुए कल अपना घोषणा-पत्र कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को सौंपा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुमगांव में आयोजित रक्तदान, अंगदान एवं देहदान के लिए आयोजित शिविर में आदिवासी विकास विभाग के अधीक्षक दंपति निलेश खांडे और उनकी पत्नी चित्ररेखा तारक ने देहदान की घोषणा की। समाज के सामने एक अभूतपूर्व मिसाल पेश की है।
इस अवसर पर शीला प्रधान ने कहा कि जीवन केवल अपने लिए जीने का नाम नहीं है, बल्कि जीवन की सार्थकता इस बात में है कि हम किसी के काम आ सकें। उन्होंने कहा कि हमारी ये नैतिक जिम्मेदारी है कि हम समाज के किसी तरह काम में आ सकें। मालूम हो कि शीला एकल महिला हैं और अपने जीवन को परोपकार तथा समाजसेवा के कार्यों के लिए समर्पित करना चाहती हैं। इसी भावना से उन्होंने मृत्यु के बाद अपना शरीर चिकित्सा शिक्षा एवं मानव कल्याण के लिए दान करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि मेरे जाने के बाद भी यदि मेरा शरीर किसी विद्यार्थी की पढ़ाई में काम आए, चिकित्सा के क्षेत्र में किसी के ज्ञान को आगे बढ़ाने में सहायक बने या किसी जरूरतमंद के काम आ सके, तो इससे बड़ी सार्थकता मेरे जीवन के लिए और क्या होगी। मैं अपने इस निर्णय को लेकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। मेरे लिए यही असली मोक्ष होगा कि मृत्यु के बाद भी मेरा शरीर किसी के काम आए।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शीला प्रधान के इस संवेदनशील एवं परोपकारी निर्णय की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि देहदान का संकल्प मानव सेवा की ऐसी भावना को दर्शाता है, जिसमें व्यक्ति अपने जीवन के बाद भी समाज के लिए उपयोगी बने रहने की इच्छा रखता है।
शीला प्रधान के इस निर्णय की उनके परिवारजनों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों तथा उनके करीबियों ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि उनका यह निर्णय दूसरों को भी देहदान के प्रति जागरूक होने और मानवता की सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देगा। कहा है कि वास्तव में यह संकल्प इस विचार को मजबूत करता है कि सेवा की कोई अंतिम सीमा नहीं होती। जीवन समाप्त होने के बाद भी यदि किसी का शरीर चिकित्सा शिक्षा, शोध और मानव कल्याण में योगदान दे, तो वह जीवन की अंतिम विदाई को भी एक नई सार्थकता दे जाता है।
इसके अलावा तुमगांव में आयोजित सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के तहत आदिवासी विकास विभाग के अधीक्षक दंपत्ति ने देहदान का ऐतिहासिक संकल्प लिया है।
इस दंपत्ति ने मरणोपरांत अपना शरीर दान देहदान करने का संकल्प पत्र भरा। उनका यह कदम न सिर्फ युवाओं के लिए एक नई सीख है, बल्कि समाज को यह भी बताता है कि जीवन के बाद भी मानवता की सेवा कैसे की जा सकती है।
इस दम्पति का कहना है कि मृत्यु के बाद आमतौर पर पंचतत्वों से बने शरीर को अग्नि के हवाले कर दिया जाता है या दफना दिया जाता है। जिससे देह का अस्तित्व हमेशा के लिए समाप्त हो जाता है। लेकिन देहदान एक ऐसा पुनीत कार्य है जो मृत्यु को भी सार्थक बना देता है।कहा कि मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को प्रैक्टिकल के लिए मानव शरीर कैडेवर की भारी कमी का सामना करना पड़ता है। दान की गई देह से ही भावी डॉक्टर मानव शरीर की वास्तविक संरचना को गहराई से समझ पाते हैं। जब एक छात्र दान की गई देह पर अभ्यास करके कुशल डॉक्टर बनता है, तो वह अपने पूरे करियर में हजारों मरीजों की जान बचाता है। यानी आपका एक देहदान अप्रत्यक्ष रूप से अनगिनत जिंदगियों को जीवनदान देता है।
मालूम हो कि महासमुंद जिले में निलेश खांडे और चित्ररेखा तारक की पहचान बेहद कर्मठ और बच्चों के प्रति समर्पित अधिकारियों के रूप में होती है। विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं के प्रति उनका असीम स्नेह जगजाहिर है। इस दंपति ने यह साबित कर दिया है कि वे जीते जी ही नहीं, बल्कि अपनी मृत्यु को भी समाज और विज्ञान के लिए उपयोगी बनाना चाहते हैं। इनके द्वारा पूर्व में भी नेत्रदान का संकल्प जीवन दीप समिति जांजगीर के समक्ष की जा चुकी है साथ ही नीलेश खांडे ने अब तक 47 बार एवं चित्ररेखा ने 6 बार रक्तदान कर कई जरूरतमंद को जीवन जीने में सहायता की है।
दंपति के इस साहसिक और परोपकारी निर्णय की प्रशासनिक अमले ने भी खुले दिल से प्रशंसा की है। जिला कलेक्टर विनय लंगेह, आदिवासी विकास विभाग की सहायक आयुक्त शिल्पा साय सहित अन्य जिला अधिकारियों ने इस कदम को मानवता के लिए अत्यंत सराहनीय बताया।