महासमुन्द

तीन माह से मानदेय नहीं, रसोइया बहनों की आवाज दबाने में लगी भाजपा सरकार- डॉ. रश्मि चंद्राकर
30-Sep-2026 3:55 PM
तीन माह से मानदेय नहीं, रसोइया बहनों की आवाज दबाने में लगी भाजपा सरकार- डॉ. रश्मि चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 सितम्बर। शासकीय स्कूलों में बच्चों के लिए रोज भोजन पकाने वाली रसोइया बहनों को तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। अपने हक और लंबित मानदेय की मांग को लेकर रसोइया संघ अनिश्चितकालीन आंदोलन पर है। इस मामले को लेकर डॉ. रश्मि चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष जिला कांग्रेस महासमुंद ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि एक तरफ सरकार गरीबों और महिलाओं के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ स्कूलों में बच्चों का भोजन तैयार करने वाली महिलाओं को तीन-तीन महीने तक मानदेय के लिए तरसाया जा रहा है। जब रसोइया बहनों ने अपने हक की आवाज उठाई तो उनकी समस्याएं सुनने के बजाय उन्हें दबाने और डराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन कर रही रसोइया बहनों को गिरफ्तार कर डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाली महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई करना लोकतांत्रिक अधिकारों का अपमान है। सरकार को यह समझना चाहिए कि गिरफ्तारी और दबाव से रसोइया बहनों की समस्याएं खत्म नहीं होंगी।

उन्होंने कहा कि रसोइया बहनें कोई राजनीतिक लाभ लेने के लिए आंदोलन नहीं कर रही हैं।

 बल्कि अपने परिवार का घर चलाने के लिए मिलने वाले मानदेय की मांग कर रही हैं। जिस सरकार के कार्यकाल में महिलाओं को तीन महीने तक उनका मेहनताना न मिले, उसे महिला सशक्तिकरण की बातें करने से पहले अपने ही दावों पर सवाल करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना में रसोइया बहनों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनके श्रम से प्रतिदिन हजारों बच्चों को भोजन मिलता है। इसके बावजूद उनकी आर्थिक परेशानियों की अनदेखी करना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।

उन्होंने भाजपा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि सरकार के पास बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं करने के लिए समय और संसाधन हैं, लेकिन मेहनत करने वाली रसोइया बहनों को तीन महीने का मानदेय देने के लिए पैसा और व्यवस्था क्यों नहीं है?

 

डॉ. चंद्राकर ने मांग की कि रसोइया बहनों का तीन माह का लंबित मानदेय तत्काल जारी किया जाए, आंदोलनकारियों को डराने-धमकाने और गिरफ्तार करने की कार्रवाई बंद की जाए तथा गिरफ्तार रसोइया बहनों के मामले में संवेदनशीलता के साथ तत्काल निर्णय लिया जाए। साथ ही संघ के प्रतिनिधियों को बुलाकर उनकी सभी मांगों पर सार्थक चर्चा की जाए।

 


अन्य पोस्ट