महासमुन्द
शराब पीने का आदी था, इसलिए की चोरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 सितम्बर। तुमगांव थाना के ग्राम खैरझिटी में दुकान का ताला तोडक़र हुई चोरी के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। प्रार्थी की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस तब हैरान रह गई, जब दुकान में चोरी करने वाला कोई और नहीं, बल्कि प्रार्थी का अपना ही बेटा निकला।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने दुकान से नगदी चुराने के साथ-साथ अपनी ही मां के सोने के जेवर पार कर उन्हें गिरवी रखने की बात भी कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार असल में बेटा शराब पीने का आदी था। इसलिए वह शराब पीने के लिए अपने ही घर में गहने और पैसों की चोरी करता था।
ग्राम खैरझिटी निवासी मानिक लाल साहू ने 16 सितंबर को तुमगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 सितंबर को वह अपने घर में संचालित दुकान में ताला लगाकर खेत गया हुआ था। दोपहर करीब 1 बजे जब वह वापस लौटा, तो दुकान का ताला टूटा हुआ था। गल्ले में रखे 5,000 नकद गायब थे।
जब उसने घर में मौजूद अपने बेटे शिवम साहू (25) से पूछताछ की, तो उसने ताला तोडक़र पैसे चुराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने 17 सितंबर को संदेही शिवम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दुकान के गल्ले से भी पैसे चुराने की बात स्वीकार की। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम साहू सहित चोरी के जेवर गिरवी रखने में मदद करने वाले आरोपी टिकेलाल जलक्षत्री और मोहन साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी शिवम साहू की निशानदेही पर उसके कब्जे से 500 नकद और घटना में प्रयुक्त लोहे का सरिया जब्त किया। इसके अलावा मणप्पुरम गोल्ड लोन शाखा से 2 सोने के झुमके 2,38,000 के और एक सोने का नेकलेस 1,50,000 का बरामद किया गया। जब्त किए गए कुल मशरूका की कीमत 3,88,500 बताई जा रही है।