महासमुन्द
कार्यकर्ताओं ने निकाली विरोध रैली, मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 सितंबर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद द्वारा 28 सितंबर को मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी का आरोप लगा प्रदर्शन किया गया। खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक से कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला और प्रशासनिक अधिकारियों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
विरोध प्रदर्शन की शुरुआत नेहरू चौक पर पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया। काले वस्त्र धारण कर एवं काले झंडे लेकर कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट से पहले ही बैरिकेड्स लगाए थे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने रुककर विरोध जताया। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के प्रभाव में विपक्षी दलों के मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और उच्च पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। पूर्व राज्यमंत्री राजा देवेंद्र बहादुर, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, पूर्व संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, जिला प्रभारी महामंत्री लक्ष्मण पटेल तथा शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने भी संबोधित करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
डिप्टी कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने निम्नलिखित मांगें रखीं-मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल के फैसलों की निष्पक्ष समीक्षा एवं कार्रवाई। विगत 10 महीनों में मतदाता सूचियों में किए गए संशोधनों, नाम जोडऩे और घटाने की प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच। निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता की बहाली। इस प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, दाऊलाल चंद्राकर, राशि महिलांग, भूपेंद्र ठाकुर, मुकेश यादव, खिलावन साहू, शहर महामंत्री निर्मल जैन, मुस्ताक खान, दिव्येश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।