महासमुन्द

तेजी से बढऩे से अधिक महत्वपूर्ण है सही दिशा में लगातार बढऩा-अरुणा शुक्ला
28-Sep-2026 9:07 PM
तेजी से बढऩे से अधिक महत्वपूर्ण है सही दिशा में लगातार बढऩा-अरुणा शुक्ला

महिला नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित महासमुंद की वार्षिक आमसभा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 सितम्बर।। महिला नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित महासमुंद की वर्ष 2025-26 हेतु वार्षिक आमसभा रविवार  को अमृत बाई हाई स्कूल परिसर महासमुंद में आयोजित की गई । आमसभा की शुरुआत में मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्जवलन बैंक की अध्यक्ष अरुणा शुक्ला, उपाध्यक्ष सती साहू एवं संचालक मंडल के सदस्य अनिता जी रावटे, रंजना शर्मा, राजेश्वरी तिवारी, मीना वर्मा, तारा चंद्राकर, साधना सिंह ठाकुर, उषा चंद्राकर, श्याम कुमारी महिलांग के करकमलों से संपन्न हुआ । सरस्वती वंदना बैंक की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती निरंजना चंद्राकर के द्वारा किया गया ।

बैंक की अध्यक्ष अरुणा शुक्ला ने अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया कि आज हमारा बैंक लगभग 28 वर्ष पूरे कर चुका है । आज का दिन हमारे लिये आत्ममंथन, उपलब्धियों का मूल्यांकन और भविष्य के लिये नई दिशा निर्धारित करने का अवसर भी है, जिस उद्देश्य व विश्वास के साथ महिला नागरिक बैंक की नींव रखी गई थी वह आज हमारे सामने सशक्त संस्था के रुप में खड़ी है । 28 वर्ष पहले रोपा गया बैंक रुपी छोटा सा पौधा आज मजबूत वृक्ष बन चुका है । अनेक कठिन परिस्थतियों के जिसमें बैंकिंग क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ी और करोना जैसी अभूतपूर्व चुनौती भी हमारे सामने आयी लेकिन हम सभी परिस्थितियों के बावजूद हमने अपने बैंक को कमजोर नहीं पडऩे दिया । यह सभी के सामूहिक प्रयास और बैंक के प्रति अटूट विश्वास का परिणाम है । आमसभा में सदस्यों के अंशराशि पर 8 प्रतिशत लाभांश की घोषणा की गई एवं अन्य शाखा खोलने एवं अन्य जिलों में कार्यक्षेत्र बढ़ाने हेतु प्रयासों की जानकारी दी ।

उन्होंने बताया कि व्यवसाय बढ़ाना हमारा लक्ष्य अवश्य है लेकिन सुरक्षित व्यवसाय बढ़ाना भी उससे भी महत्वपूर्ण है । हमें यह ध्यान रखना होगा कि तेजी से बढऩे से अधिक महत्वपूर्ण है सही दिशा में लगातार बढऩा । आने वाले समय में हमारा लक्ष्य केवल बैंक को बड़ा बनाना नहीं है बल्कि मजबूत, सुरक्षित आधुनिक और भरोसेमंद बैंक बनाना होना चाहिये ।

बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार दवे के द्वारा विषय सूची के अनुसार सविस्तार जानकारी दी गई जिसे सदस्यों के द्वारा सर्वसम्मति से पारित कर अनुमोदित किया गया ।

बैंक के वरिष्ठ संचालक एवं पूर्व अध्यक्ष अनिता जी रावटे ने बहुत ही सहज एवं सरल शब्दों में बैंक के गत 28 वर्षों के सफर के बारे में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया । प्रदेश के अन्य दो महिला बैंकों के बारे में जानकारी दी । उन्होंने कहा कि 6 हजार महिलाओं का संगठन चलाना बहुत बड़ा दायित्व है । बैंक से दिल का रिश्ता है एवं सदस्यों से अपने सुझाव देने का आव्हान किया । बैंक से निरंतर जुड़े रहने एवं डिजीटल बैंकिंग को मजबूत करना होगा । साईबर सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा । नई पीढ़ी को बैंक से जोडऩा होगा । महिला एवं छोटे व्यवसायियों को अधिक अवसर देना होगा । मुझे पूर्ण विश्वास है कि सभी मिलकर काम करेंगे तो आने वाले वर्षों में महिला नागरिक सहकारी बैंक नई ऊंचाईयों को प्राप्त करेगा । उन्होंने महिलाओं में स्कील एवं लघु उद्योग संचालन हेतु प्रेरित किया ।

बैंक के उपाध्यक्ष श्रीमती सती साहू ने सभा में उपस्थित सदस्यों एवं संचालक मंडल के सदस्यों का बैंक के निरंतर प्रगति के लिये आभार व्यक्त किया । उक्त प्रगति में सदस्यों के योगदान की प्रशंसा की । उन्होंने समूह सदस्यों के द्वारा निर्मित उत्पाद विक्रय हेतु नगर पालिका में पंजीयन कर विक्रय हेतु प्रेरित किया एवं सभी समूह सदस्यों को बैंक से जुडऩे के लिये आव्हान किया ।

सेवानिवृत्त वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एस.आर. बंजारे के द्वारा सभा को संबोधित किया गया । निरंतर बैंक अंकेक्षण में ए ग्रेड मिलने पर बैंक को बधाई दी । उन्होंने बैंक संचालक मंडल से अधिक से अधिक शाखाएं खोलने के लिये प्रयास करने को कहा । बहु उद्देशीय सहकारी समितियों को ऋण एवं छूट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी ।

वरिष्ठ सदस्य श्रीमती निरंजना चंद्राकर ने अपने द्वारा स्व सहायता समूह के माध्यम से रेडी-टू-ईट कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी एवं बताया कि उक्त व्यवसाय से लगभग 10 महिलाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है ।

अंत में बैंक संचालक श्रीमती मीना वर्मा ने सभी अंशधारियों, ग्राहकों, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारी कर्मचारियों, शुभचिंतकों तथा बैंक की प्रगति में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रुप से सहयोग करने के लिये सभी लोगों का आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कठिन समय में बैंक का साथ दिया उनका योगदान हम कभी नहीं भूल सकते । मैं उन सभी दिवंगत साथियों को भी सादर नमन करती हूं जिन्होंने बैंक की स्थापना एवं विकास में अपना योगदान दिया ।

सभा में सदस्य गंगा साहू, सुनंदा बारलो, मधु शर्मा, सविता साहू, आबिदा कुरैशी, मंजू साहू, कोमल सेन, सरिता सेन, गीता सेन, पुष्पा सेन, इंद्राणी पांडे, कमला पंचेश्वर, नीतू देवांगन, उमा देवांगन, लता चंद्राकर, शकुन चंद्राकर, राजेन्दर कौर, सविन्द्र कौर, रमशिला साहू, शोभा अग्रवाल, नवनीता अग्रवाल, सुरभि शर्मा, प्रीति शर्मा, वंदना दुबे, चंचल कौशिक, सीता डोंडेकर, दीप्ति थवाईत, रजनी थवाईत, नोबल ध्रुव, उपमा ठाकुर, कौशिल्या चंद्राकर, बैंक कर्मचारी गण एवं भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं ।


अन्य पोस्ट