महासमुन्द

गड्ढे से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार कार सडक़ किनारे पलटी, मौत
28-Sep-2026 4:05 PM
गड्ढे से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार कार सडक़ किनारे पलटी, मौत

परिवार के सदस्य वाहन के भीतर फंस गए, आवाज सुन दौड़े ग्रामीण, शीशा तोडक़र निकाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 सितम्बर। गणेश विसर्जन की झांकियां देखने निकले परिवार की खुशी भुरकोनी मार्ग पर हादसे के बाद मातम में बदल गई। 26सितम्बर की रात करीब 10.30 बजे गड्ढे से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार कार सडक़ किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार ईश्वरी सोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के सदस्य वाहन के भीतर फंस गए।

 पुलिस के अनुसार भीखापाली निवासी मुकेश सोनी का परिवार खाना खाने के बाद भुरकोनी मार्ग स्थित सोलर प्लांट की तरफ गणेश विसर्जन की झांकियां देखने कार से निकला था। रास्ते में सडक़ पर मौजूद गड्ढे को बचाने के लिए चालक ने कार को अचानक मोड़ा।

तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार कई पलटियां खाते हुए सडक़ किनारे जा गिरी। हादसे में मुकेश की पत्नी ईश्वरी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार उनकी दो बेटियां और एक बेटा भी घायल हुए हैं।   हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त थी और परिवार के चार सदस्य अंदर फंसे थे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कार का शीशा तोड़ा और सभी को बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। तेंदूकोना थाना प्रभारी ओमकार सिंह दीवान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।


अन्य पोस्ट