महासमुन्द
दो आरोपी फरार घोषित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28सितम्बर। गांजा तस्करी के मामले में आरोप दोष सिद्ध होने पर एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी ने बिलासपुर जिला के थाना सरकंडा निवासी कृष्णा शुक्ला उर्फ बाबू को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) (11) (ग) के तहत 10 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 1 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर एक वर्ष का सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा। इस मामले के दो आरोपी सरकंडा थाना के राजवीर टंक तथा राकी राबिन्सन पेंट्रिक को फरार घोषित किया गया है।
आरोपी ओडिशा से गांजा ले जाकर बिलासपुर में पुडिय़ा बनाकर बेचने के लिए कार का उपयोग करते हुए आ रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपियों ने तेज रफ्तार से कार भगाकर ले जा रहे थे कि अनियंत्रित होकर कार टेमरी काली मंदिर के पास एनएच 353 पर एक खेत में पलट गई। आपाधापी में आरोपियों ने कार के शीशे तोडक़र बाहर निकले और दूर जाकर झाडिय़ों में छिप गए।
कोमाखान पुलिस को कार के पलट जाने की सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। कार के भीतर कोई नही था। इस पर पुलिस ने विवेचना करते हुए कार नंबर के आधार पर वाहन मालिक को नोटिस भेजा। इस पर जानकारी हुई कि कार कृष्णा शुक्ला लेकर गया था। इस पर कृष्णा शुक्ला हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि राजवीर टंक, राकी राबिन्सन दोस्त है। राजवीर मोहल्ले में गांजा का पुडिय़ा बनाकर बेचता है, कार लेकर ओडिशा गए थे। जहां से दो बोरियों में 40 किलो गांजा भरकर 3 अगस्त 2025 की रात आ रहे थे।
खरियार रोड पार करने पर पुलिस वाले रोकने का प्रयास किए तो डर कर कार भगा दी और अनियंत्रित होकर कार खेत में पलट गई।