महासमुन्द
हैंडपंप और टैंकर के भरोसे रहे लोग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 सितम्बर। गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर बढऩे से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। महानदी स्थित इंटेकवेल में बाढ़ का पानी भरने के कारण कल शनिवार को शहर की छह पानी टंकियों में पर्याप्त पानी नहीं भरा जा न सका। इसके चलते इन टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में सुबह और शाम दोनों समय नल नहीं खुले। अचानक जलापूर्ति बाधित होने से नागरिकों को पानी की जरूरत पूरी करने के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ा।
पालिका कर्मियों के अनुसार महानदी में जलस्तर बढऩें के कारण इंटेकवेल से पानी खींचने और उसे टंकियों तक पहुंचाने में परेशानी आ रही है। टंकियों में पर्याप्त जलभराव नहीं होने के कारण नियमित समय पर जलापूर्ति करना संभव नहीं हो सका। कल शनिवार को पूरे दिन स्थिति सामान्य नहीं हो पाई।
आज रविवार सुबह भी नल नहीं खुलने के कारण लोगों को पानी के लिए हैंडपंप, पानी के केन और अन्य निजी साधनों का सहारा लेना पड़ा। कई परिवारों ने जरूरत के मुताबिक पहले से उपलब्ध पानी का उपयोग किया। जिन इलाकों में पानी की अधिक आवश्यकता सामने आई, वहां नगर पालिका की ओर से टैंकर भेजकर पानी पहुंचाया गया। पालिका का अमला लगातार इंटेकवेल और जलस्तर की स्थिति पर नजर रखे हुए है। नदी का पानी घटने के साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि मौसम और नदी के जलस्तर पर निर्भरता के कारण अगले 24 घंटे शहर की जलापूर्ति के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।