महासमुन्द

जसगीतों पर थिरके भक्त, गणपति को दी विदाई
27-Sep-2026 3:25 PM
जसगीतों पर थिरके भक्त,  गणपति को दी विदाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 सितम्बर। शहर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम कल तीसरे दिन भी जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को पुष्प, नैवेद्य अर्पित कर अगले वर्ष पुन: आगमन की कामना के साथ विदाई दी।

शहर के अलग-अलग मोहल्लों से निकली विसर्जन यात्राओं में श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ शामिल हुए। कई स्थानों पर डीजे और भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। गणपति बप्पा के जयकारों से मार्गों का माहौल भक्तिमय बना रहा। परिवारों ने घरों में स्थापित प्रतिमाओं को पूजा-अर्चना के बाद विसर्जन के लिए ले जाकर निर्धारित जलस्रोतों में विसर्जित किया। थॉमस गली में विराजित भव्यं गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा भी धूमधाम से निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई शोभायात्रा थॉमस गली से स्टेशन रोड होते हुए नेहरू चौक पहुंची। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी भजनों की धुन पर थिरकते नजर आए।

इसके बाद शोभायात्रा विठोबा टॉकीज होते हुए आगे बढ़ी और निर्धारित विसर्जन स्थल के लिए रवाना हुई। शोभायात्रा में प्रसिद्ध जसगीत गायक दुकालू यादव का रोड शो आकर्षण का केंद्र रहा। सामाजिक कार्यकर्ता बादल मक्कड़ के विशेष आमंत्रण पर पहुंचे दुकालू यादव ने अपने चर्चित एल्बम के जसगीतों की प्रस्तुति दी। गीतों की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमे और कई स्थानों पर लोगों की भीड़ शोभायात्रा देखने के लिए सडक़ किनारे जुटी रही।

शहर के अन्य मोहल्लों में भी गणेश प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालु प्रतिमाओं को गाजे-बाजे के साथ लेकर निर्धारित विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने भगवान गणेश की आरती कर पूजा-अर्चना की। व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की टीमें तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं से से निर्धारित स्थलों पर ही विसर्जन करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट