महासमुन्द
इंदौर के 2 बंदी, 1 फरार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 सितम्बर। महासमुंद साइबर थाना पुलिस ने शेयर मार्केट और फॉरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का प्रलोभन देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को इंदौर (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीडि़त से विभिन्न बैंक खातों में कुल 6 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर करवाकर ठगी की थी।
नेहरू चौक महासमुंद निवासी पीडि़त मेहुल लुनिया ने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीडि़त के अनुसार, फरवरी 2026 में उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसने खुद को शेयर मार्केट ट्रेड सलाहकार बताया। शुरुआत में डिमैट अकाउंट से ट्रेड कराने पर पीडि़त को नुकसान हुआ।
इसके बाद आरोपियों ने खुद को झावेरी ट्रेडिंग का प्रतिनिधि बताकर पीडि़त को फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए राजी कर लिया। पीडि़त को विश्वास में लेने के लिए शुरुआत में 12,845 रुपये का फर्जी प्रॉफिट ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया। इसके बाद विभिन्न किश्तों में बैंक खातों के माध्यम से कुल 6.80 लाख रुपये जमा करवा लिए गए। कोई लाभ न मिलने और टालमटोल करने पर पीडि़त ने 12 मार्च 2026 को थाने में मामला दर्ज कराया।
तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स के आधार पर महासमुंद पुलिस की टीम ने इंदौर में दबिश देकर दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया। इसमें ऋषि राठौर इंदौर ने ने बातचीत के दौरान अपना फर्जी नाम हर्ष भारद्वाज और देवांगन सर बताया था। जितेन्द्र शर्मा उर्फ जीत , इंदौर ने अपना नाम विश्वजीत शर्मा बताया था।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपनी पहचान छुपाने के लिए हिमांशु दुबे नामक व्यक्ति से फर्जी सिम कार्ड खरीदे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है, वहीं फर्जी सिम सप्लाई करने वाले तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।