महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 26सितम्बर। महासमुंद जिले में दो दिन से हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। महानदी का जलस्तर बढऩे के साथ नदी-नाले उफान पर हैं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने महानदी किनारे के करीब तीन दर्जन गांवों में अलर्ट जारी किया है। इसी बीच शुक्रवार को ग्राम बम्हनी में सरकारी शराब दुकान चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गई। दुकान की सुरक्षा में तैनात दो सुरक्षाकर्मी छगन लाल कुरें और ईद कुमार टंडन अंदर फंस गए।
बाढ़ के पानी में फंसे दोनों सुरक्षाकर्मियों ने वीडियो बनाकर अपनी स्थिति बताई। वीडियो वायरल होने के बाद इसकी जानकारी प्रशासन तक पहुंची। दुकान के चारों तरफ पानी भर जाने के कारण बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया था।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने नगर सेना की टीम को रेस्क्यू के लिए भेजा। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर बचाव अभियान चलने से बड़ा हादसा टल गया।
लगातार बारिश और महानदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। लोगों से किसी भी आपात स्थिति के लिए सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। प्रशासन नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।